Saturday 13-Jun-2026

लालू की आरजेडी पर बरसे पीएम मोदी, पूछा- क्या लालटेन से स्मार्ट मोबाइल चार्ज हो सकता है?

लालू की आरजेडी पर बरसे पीएम मोदी, पूछा- क्या लालटेन से स्मार्ट मोबाइल चार्ज हो सकता है?

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विपक्ष पर अफवाहें फैलाकर देश के संविधान को राजनीतिक हथकंडे के तौर पर इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए मंगलवार को कहा कि यह चुनाव उन्हें सजा देगा जो संविधान के खिलाफ हैं एवं देश को विकसित भारत बनाने के केंद्र के प्रयासों का विरोध कर रहे हैं। बिहार के गया जिले में चुनाव रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि बिहार के युवा कभी भी राजद को वोट नहीं देंगे, क्या लालटेन (राजद का चुनाव चिन्ह) से स्मार्ट मोबाइल चार्ज हो सकता है। जब लोग स्मार्टफोन के बारे में बात कर रहे हैं, तो वे लालटेन के बारे में बात कर रहे हैं। मोदी ने कहा , घमंडिया गठबंधन के पास कोई सोच नहीं है। ये लोग जब वोट मांगने जाते हैं, तो नीतीश जी के कामों पर वोट मांगते हैं। यह लोग नीतीश जी के और केंद्र सरकार के कामों का श्रेय स्वयं लेते हैं। पूरा बिहार जानता है कि राजद ने इतने वर्षों तक बिहार पर राज किया है लेकिन उनकी हिम्मत नहीं है कि अपनी सरकारों में क्या काम किया उसकी वे चर्चा करें।

उन्होंने राजद और कांग्रेस सहित विपक्षी नेताओं पर संविधान के साथ राजनीति करने का भी आरोप लगाया। पीएम मोदी ने कहा, यह चुनाव घमंडिया गठबंधन के नेताओं को सजा देगा। यह चुनाव उन्हें सजा देगा जो संविधान के खिलाफ हैं एवं देश को विकसित भारत बनाने के केंद्र के प्रयासों का विरोध कर रहे हैं। पीएम मोदी विपक्षी गठबंधन इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस (इंडिया) को अक्सर घमंडिया गठबंधन कहते हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि यह चुनाव विकसित भारत और विकसित बिहार के लिए है। उन्होंने कहा, कांग्रेस और उसके सहयोगी मुझे अपमानित करने के लिए संविधान के नाम पर झूठ बोल रहे हैं। राजग संविधान का सम्मान करता है। मोदी और भाजपा तो क्या स्वयं बाबा साहेब आंबेडकर भी इस संविधान को नहीं बदल सकते हैं, इसलिए विपक्ष झूठ फैलाना बंद करे। पीएम ने कहा कि मोदी को देश का यह पद राजेंद्र बाबू और बाबा साहब अंबेदकर का दिया हुआ है जिन्होंने संविधान का निर्माण किया। यह संविधान न होता तो कभी ऐसे पिछडे परिवार में पैदा हुआ गरीब का एक बेटा देश का प्रधानमंत्री नहीं बन सकता था।

उन्होंने कहा कि देश की जनता ने इस बार राजग को 400 से ज्यादा सीट देने का फैसला कर लिया है। पीएम मोदी ने कहा कि वे (विपक्षी नेता) सनातन धर्म को डेंगू और मलेरिया कहते हैं। उन्होंने कहा, वे तो एक भी सीट के हकदार नहीं हैं, उन्हें सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने राजद को भ्रष्टाचार और गुंडा राज का प्रतीक बताते हुए कहा कि उसने बिहार को सिर्फ दो चीजें दी हैं- जंगलराज और भ्रष्टाचार क्योंकि राजद शासनकाल में भ्रष्टाचार एक उद्योग की तरह फला-फूला।