नई दिल्ली, इंपैक्ट लाइव टीम।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने खड्ग प्रसाद शर्मा ओली को नेपाल का प्रधानमंत्री बनने पर बधाई दी है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर सोमवार को बधाई संदेश में कहा कि नेपाल के प्रधानमंत्री के रूप में आपकी नियुक्ति पर केपी शर्मा ओली को बधाई। मोदी ने बधाई संदेश में कहा कि हम दोनों देशों के बीच मित्रता के गहरे संबंधों को और मजबूत करने तथा हमारे लोगों की प्रगति और समृद्धि के लिए पारस्परिक रूप से लाभकारी सहयोग को और विस्तारित करने के लिए मिलकर काम करने के लिए तत्पर हैं। बता दें कि नेपाल में पुष्प कमल दहल प्रचंड की सरकार के अल्पमत में आने के बाद नेपाल की कम्युनिस्ट पार्टी (यूएमएल) के नेता ओली नेपाली कांग्रेस के समर्थन से दोबारा प्रधानमंत्री बने हैं।
इससे पहले नेपाल की कम्युनिस्ट पार्टी (एकीकृत मार्क्सवादी लेनिनवादी) (सीपीएन-यूएमएल) के अध्यक्ष और पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली को नई गठबंधन सरकार का प्रमुख नियुक्त किया गया था। इसको लेकर नेपाल के राष्ट्रपति कार्यालय द्वारा बयान जारी किया गया था। इस बयान में कहा गया था, 'संविधान के अनुच्छेद 76 (2) के तहत राष्ट्रपति ने सीपीएन-यूएमएल के अध्यक्ष ओली को प्रधानमंत्री नियुक्त किया है।
Congratulations @kpsharmaoli on your appointment as the Prime Minister of Nepal. Look forward to working closely to further strengthen the deep bonds of friendship between our two countries and to further expand our mutually beneficial cooperation for the progress and prosperity…
— Narendra Modi (@narendramodi) July 15, 2024
गौरतलब है कि निचले सदन में प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल विश्वास मत हार गए थे। 3 जुलाई को सीपीएन-यूएमएल ने नेपाली कांग्रेस के साथ गठबंधन कर लिया था। उन्होंने दहल की गठबंधन सरकार से अपना समर्थन वापस ले लिया था। इसके बाद पौडेल ने प्रतिनिधि सभा में बहुमत रखने वाले राजनीतिक दलों नया गठबंधन बनाने का आह्वान किया था। जिस पर मुख्य विपक्षी नेपाली कांग्रेस पार्टी के समर्थन से ओली ने सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया था।