Saturday 13-Jun-2026

अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा, पटना में मनी दीवाली; डाकबंगला चौराहे पर जले 51 हजार दीये

अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा, पटना में मनी दीवाली; डाकबंगला चौराहे पर जले 51 हजार दीये

बिहार की राजधानी पटना में सोमवार को राम नाम की धूम रही। अयोध्या में श्रीराम की प्रतिमा के प्राण प्रतिष्ठा के मौके पर राजधानीवासी राममय हो गए। डाकबंगला चौराहे पर 51 हजार दीया जलाकर प्राण प्रतिष्ठा के मौके पर दीपावली मनाई गई। इसकी शुरुआत राज्य के राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर द्वारा की गई। मौके पर बिहार बीजेपी अध्यक्ष सम्राट चौधरी भी मौजूद रहे।

श्रद्धालुओं की भीड़ और दीपोत्सव कार्यक्रम को लेकर सोमवार की दोपहर साढ़े तीन बजे डाकबंगला चौराहे की ओर गाड़ियों के आवागमन पर पुलिस ने रोक लगा दी थी। पटना जंक्शन, गांधी मैदान, भट्टाचार्य रोड, नेहरू पथ सहित अन्य इलाकों से डाकबंगला की ओर आने वाली गाड़ियां दूसरे रास्ते से जा रही थीं।

शाम सात बजे तक डाकबंगला चौराहे पर जाने के लिए हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी। इस कारण सड़क पर वाहनों का दबाव बढ़ गया। इसी समय दफ्तर से वापस घर की ओर जा रहे लोगों को कुछ समय के लिये जाम में फंसे रहना पड़ा। आयकर गोलंबर से डाकबंगला की ओर जाने वाली गाड़ियों को पुरानी म्यूजियम से छज्जुबाग व बुद्ध मार्ग की ओर मोड़ दिया गया।

वहीं पटना जंक्शन स्थित हनुमान मंदिर में लोगों ने कतारबद्ध होकर रामभक्त हनुमान और राम दरबार में प्रसाद चढ़ाया। महावीर मंदिर में चल रहा अष्टयाम दोपहर बाद समाप्त हुआ। इसके बाद भगवान को लगाया गया भोग प्रसाद श्रद्धालुओं में देर शाम तक वितरित किया गया। शहर के ढाई सौ से ज्यादा मंदिरों में जूम एप के जरिए अयोध्या से प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम से जुड़े। इस मौके पर हजारों श्रद्धालुओं ने अयोध्या का सीधा प्रसारण देखा।