भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की बिहार इकाई के प्रमुख एवं उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का रविवार को पटना में रोडशो पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरेगा और उन्हें राज्य की सभी 40 लोकसभा सीट पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित करेगा।
सम्राट चौधरी ने कहा, पटना के लोग मोदी जी का भव्य स्वागत करने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं और यह किसी भी प्रधानमंत्री का पटना में पहला रोडशो होगा। यह रोडशो पार्टी कार्यकर्ताओं में निश्चित रूप से जोश भरेगा और उन्हें राज्य की सभी 40 लोकसभा सीट पर राजग उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित करेगा।
बिहार के उपमुख्यमंत्री चौधरी ने कहा, हमारे प्रधानमंत्री देश के समग्र विकास और समाज के कमजोर वर्गों सहित आम जनता के कल्याण के लिए सोचते हैं। मोदी जी के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार ने गरीबों और कमजोर वर्गों के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं शुरू की हैं। प्रधानमंत्री अपने लिए नहीं सोचते। वह एक फकीर हैं और हमेशा फकीर ही रहेंगे।
इस बीच पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राजीव मिश्रा ने बताया, राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए हैं। किसी भी इलाके में ड्रोन उड़ाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा और रोडशो मार्ग पर वाहनों का परिचालन निलंबित रहेगा। रोडशो प्रदेश भाजपा मुख्यालय से कुछ दूरी पर स्थित आयकर कार्यालय चौराहे से शुरू होगा और फ्रेजर रोड, एक्जिबिशन रोड, कदम कुआं और साहित्य सम्मेलन जैसे इलाकों से गुजरते हुए गांधी मैदान के पास उद्योग भवन पर समाप्त होगा।
एसएसपी ने कहा कि रोडशो के लिए निर्धारित मार्ग पर सड़क के दोनों किनारों पर अवरोधक लगाए गए हैं और इस दौरान व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहने की संभावना है। एसएसपी ने कहा कि कड़ी निगरानी रखने के लिए कई इमारतों की छतों पर सुरक्षा बल के जवान तैनात किए जाएंगे। रोडशो के बाद प्रधानमंत्री का राजभवन में रात्रि विश्राम का कार्यक्रम है। सोमवार को उनका पुराने शहर क्षेत्र स्थित गुरुद्वारा तख्त हरमंदिर जाने का कार्यक्रम है जहां गुरु गोविंद सिंह का जन्म हुआ था और उन्होंने अपना बचपन बिताया था।