कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को कहा कि कांग्रेस पार्टी ने भी गलतियां की हैं और उसे अपनी राजनीति में बदलाव करना होगा। शुक्रवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में राष्ट्रीय संविधान सम्मेलन को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि सच्चाई यह है कि कांग्रेस पार्टी को आने वाले समय में अपनी राजनीति को बदलना होगा। उन्होंने कहा, मैं यह भी कहना चाहता हूं कि कांग्रेस पार्टी ने भी गलतियां की हैं, मैं कांग्रेस का होते हुए भी यह कह रहा हूं। हालांकि उन्होंने गलतियों को स्पष्ट नहीं किया। इसके पहले उन्होंने दावा किया कि भाजपा 180 सीट से अधिक नहीं जीतेगी।
जब भीड़ में से एक व्यक्ति ने राहुल गांधी से पूछा कि क्या वे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ आमने-सामने बहस का निमंत्रण स्वीकार करेंगे, तो उन्होंने जवाब दिया कि मैं किसी के भी साथ, प्रधानमंत्री के साथ बहस के लिए शत प्रतिशत तैयार हूं। लेकिन मुझे पता है। प्रधानमंत्री जी मुझसे बहस नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे भी बहस कर सकते हैं।
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा, एक बात की गारंटी देता हूं कि अब जो चुनाव हो रहा है उसमें नरेन्द्र मोदी जी प्रधानमंत्री नहीं बन रहे हैं। आप चाहते हो तो साइन करके दे देता हूं। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी जी की पूरी रणनीति भाई को भाई से लड़ाने की है और इस चुनाव में वह काम नहीं कर रहा है। अगर पूरी चीटिंग कर दी गयी, तो कोई बात नहीं, लेकिन उनकी पार्टी 180 (सीट) से आगे नहीं जा रही है।
राहुल गांधी ने समाज में दो तरह के व्यक्तित्व का जिक्र करते हुए कहा कि एक तो वे लोग होते हैं जो पूरी जिंदगी सत्ता के पीछे दौड़ते-दौड़ते सच्चाई को कभी स्वीकार नहीं करते। वे न अपनी सच्चाई स्वीकार करते और न किसी और की सच्चाई स्वीकार करते। और उनको एक ही चीज दिखती कि किसी न किसी तरह हमारे हाथों में सत्ता आ जाए, बाकी सब छोड़ों।