बिहार में बेगूसराय जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में दो बाइक की टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गयी तथा एक अन्य घायल हो गया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि पिपरा निवासी छत्तीस शर्मा (32) अपने साला बागवाड़ा निवासी अरविंद शर्मा (28) के साथ काम करने मंझौल की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही बाइक से टक्कर हो गई। इस दुर्घटना छत्तीस शर्मा और अरविंद शर्मा की मौत हो गयी, जबकि दूसरे बाइक पर सवार दो लोग घायल हो गये।
सूत्रों ने बताया कि घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया जा रहा था, जहां रास्ते में ही एक ही की मौत हो गयी। मृतक की पहचान मंझौल निवासी सुमित कुमार के रूप में हुई है। घायल एक अन्य युवक का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिये भेज दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने शोक व्यक्त किया
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बेगूसराय जिला के थाना क्षेत्र के गौतम धाम के पास दो मोटरसाइकिल के बीच हुई टक्कर में तीन लोगों की मौत पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने घटना को अत्यंत दुखद बताया है। साथ ही मृतक के परिजनों को दुख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना भी की है।