Saturday 09-May-2026

दिल्ली में पीएम मोदी से मिले सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा

दिल्ली में पीएम मोदी से मिले सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा

बिहार के नवनियुक्त उपमुख्यमंत्रियों सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा ने सोमवार को संसद परिसर में प्रधामंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की। जदयू प्रमुख और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा राज्य में महागठबंधन से नाता तोड़ने और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ मिलकर सरकार बनाने के कुछ दिन बाद यह मुलाकात हुई है।

बैठक के बाद सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हमारे नेता हैं। हम बिहार के विकास के लिए उनका मार्गदर्शन लेने आए थे। उन्होंने कहा कि इसके अलावा, हमें कर्पूरी ठाकुर को (मरणोपरांत) भारत रत्न से सम्मानित करने के लिए प्रधानमंत्री को धन्यवाद देना था। कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न से सम्मानित किए जाने से अत्यंत पिछड़ा वर्ग, पिछड़ा वर्ग और दलित वर्ग के लोग बेहद गर्व महसूस कर रहे हैं।

यह पूछे जाने पर कि क्या बिहार मंत्रिमंडल के विस्तार पर कोई चर्चा हुई, विजय सिन्हा ने कहा कि इसके लिए हमारे पास सक्षम नेतृत्व है और उचित समय पर निर्णय लिये जायेंगे। सम्राट चौधरी और सिन्हा दोनों ने इस आरोप के लिए कांग्रेस की आलोचना की कि भाजपा बिहार में उसके विधायकों को खरीदने की कोशिश कर रही है।