Wednesday 06-May-2026

रांची में बच्चों से भरी स्कूल बस पलटी, 15 बच्चे घायल

रांची में बच्चों से भरी स्कूल बस पलटी, 15 बच्चे घायल

रांची में शनिवार सुबह एक स्कूल बस पलटने से 15 बच्चे घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि बस मण्डार में सेंट मारिया स्कूल से करीब 100 मीटर दूर एक मोड़ पर पलट गयी। बस में 30 बच्चे सवार थे। मण्डार पुलिस थाने के प्रभारी राहुल ने कहा, स्कूल के करीब 15 बच्चे घायल हो गए। उन्हें नजदीकी मिशन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।

उन्होंने बताया कि एक बच्चे के सिर में चोट आयी है उसका 'सीटी स्कैन' किया जा रहा है, बाकी सभी बच्चे ठीक हैं। एक बच्चे की मां ने आरोप लगाया कि बस की रफ्तार तेज थी और हादसे के वक्त चालक फोन पर बात कर रहा था। उन्होंने दावा किया, आज बस 45 मिनट की देरी से आयी थी। देरी के कारण चालक बस तेज रफ्तार से चला रहा था और किसी से फोन पर भी बात कर रहा था।

पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के बाद बस चालक फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि हादसे की वजह का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है और माता-पिता के आरोपों पर भी गौर किया जा रहा है।