नई दिल्ली, इंपैक्ट लाइव टीम।
बॉलीवुड एक्टर शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान ने साउथ दिल्ली के पंचशील पार्क में दो आलीशान फ्लैट खरीदे हैं। इनको शाहरुख खान की पत्नी गौरी खान ने डिजाइन किया है। द इकोनॉमिक्स टाइम्स के मुताबिक, आर्यन खान ने साउथ दिल्ली के पॉश इलाके पंचशील पार्क की एक बिल्डिंग के दो फ्लोर खरीदे हैं। इनकी कीमत 37 करोड़ रुपये हैं इस फ्लैट की रजिस्ट्री मई 2024 में हुई है, जिसके लिए आर्यन ने 2.64 करोड़ स्टाम्प ड्यूटी चुकाई है।
बता दें कि शाहरुख खान ने साल 1991 में गौरी खान से शादी की थी। शादी से पहले गौरी खान साउथ दिल्ली के पंचशील पार्क की उसी बिल्डिंग में रहा करती थीं, जहां उनके बेटे आर्यन ने 2 फ्लोर खरीदे हैं। यहां पर शाहरुख और गौरी ने यादगार पल भी गुजारे थे। आर्यन ने जिस बिल्डिंग में दो मंजिले खरीदी हैं, उस बिल्डिंग का बेसमेंट और ग्राउंड फ्लोर पहले से ही शाहरुख के पास है।
इसके अलावा उनके पास पंचशील पार्क में 27,000 वर्गफुट का हेरिटेज विला भी है, जिसे उन्होंने साल 2001 में 13 करोड़ रुपये से ज्यादा की कीमत पर खरीदा था। रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि कोविड लॉकडाउन प्रतिबंध हटने के बाद से राष्ट्रपति भवन और दक्षिण दिल्ली के आसपास के क्षेत्रों में रियल एस्टेट में उछाल आया है।
जून 2022 में अमिताभ बच्चन ने गुलमोहर पार्क में स्थित अपनी दिल्ली की प्रॉपर्टी ‘सोपान’ को 23 करोड़ में बेच दिया था। यह उनके माता-पिता हरिवंश राय बच्चन और तेजी बच्चन का घर था। बता दें कि आर्यन खान बतौर फिल्म निर्देशक अपनी डेब्यू फिल्म स्टारडम पर काम कर रहे हैं। इसमें बॉबी देओल भी नजर आएंगे।