युवक के काटने से सांप की मौत... सुनकर भले ही आपको अजीब लगे, लेकिन यह खबर शत प्रतिशत सही है। हैरान कर देने वाली घटना बिहार के नवादा जिले की है, जहां एक युवक ने सांप को दांत से काट लिया, जिसके बाद सांप की मौत हो गई। दरअसल, रजौली प्रखंड क्षेत्र के जंगली इलाके में एक युवक को सांप ने काट लिया, जिसके बाद गुस्से में युवक ने भी सांप को दांत से काट लिया। कुछ देर बाद सांप की मौत हो गई। घटना 2 जुलाई की रात की है। मजदूर का इलाज अनुमंडलीय अस्पताल रजौली में कराया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार जंगली इलाकों में रेलवे लाइन बिछाने का काम चल रहा है। मंगलवार की देर रात सभी मजदूर अपने बेस कैंप में सो रहे थे। इसी दौरान एक सांप ने झारखंड के लातेहार जिले के पाण्डुका निवासी संतोष लोहार को डंस लिया। इस घटना के बाद संतोष ने सांप को पकड़ा और उसे तीन बार काटा, जिससे सांप की मौत हो गई। संतोष ने बताया कि उसके गांव में एक टोटका है कि अगर सांप काटे, तो उसे तीन बार काट लेना चाहिए, जिससे सांप का विष असर नहीं करेगा। इसी अंधविश्वास को मानते हुए संतोष ने यह कदम उठाया।
जैसे ही पूरे मामले की जानकारी रेलवे के अधिकारियों को हुई तो तुरंत उस मजदूर को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती करवाया। ग्रामीणों को जब इस अजीबोगरीब घटना की जानकारी मिली तो अस्पताल में भीड़ लग गई। हालांकि ग्रामीणों का यह भी कहना था कि सांप जहरीला नहीं होगा। अगर सांप विषधर होता तो युवक की जान भी जा सकती थी। वहीं अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती युवक का इलाज कर रहे चिकित्सक सतीश चंद्र ने बताया कि सांप काटने की शिकायत थी। युवक का इलाज किया गया है। वह खतरे से बाहर है।