Wednesday 24-Jun-2026

सपा नेता शिवपाल यादव का दावा, इंडिया गठबंधन यूपी में सभी 80 सीटों पर बीजेपी को हराएगा

सपा नेता शिवपाल यादव का दावा, इंडिया गठबंधन यूपी में सभी 80 सीटों पर बीजेपी को हराएगा

समाजवादी पार्टी (सपा) के नेता शिवपाल यादव ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बदायूं से अपना चुनाव अभियान 'जनसंपर्क यात्रा' शुरू की और दावा किया कि विपक्षी दलों का समूह 'इंडिया' प्रदेश में सभी 80 सीट पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को हराएगा। पार्टी द्वारा बदायूं लोकसभा सीट से उम्मीदवार बनाए गए शिवपाल यादव ने यह भी कहा कि सत्तारूढ़ भाजपा को उनके खिलाफ कोई उम्मीदवार नहीं मिल रहा है।

इससे पहले, सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर पोस्ट कर उन्होंने कहा, आज से बदायूं लोकसभा क्षेत्र में जनसंपर्क हेतु यात्रा पर हूं। मेरा इस क्षेत्र से दशकों पुराना आत्मीय रिश्ता है। मन में बदायूं से जुड़े ढेरों किस्से और यादें हैं। उन्होंने अपनी पोस्ट में शायर शकील बदायुनी साहब का शेर में साझा किया।

बदायूं रवाना होने से पहले सुबह इटावा में शिवपाल ने कहा, बदायूं में आज से जनसंपर्क शुरू हो रहा है। बदायूं समाजवादी पार्टी का एक मजबूत गढ़ रहा है। नेताजी से लेकर प्रोफेसर साहेब (रामगोपाल यादव) और धर्मेंद्र यादव यहां से सांसद रहे हैं। अब मैं आया हूं। धर्मेंद्र यादव ने इस सीट से 2009 और 2014 का लोकसभा चुनाव जीता था।