बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी का पार्थिव शरीर मंगलवार को पंचतत्व में विलीन हो गया। मंगलवार की देर शाम राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार दीघा घाट पर किया गया। मुखाग्नि बड़े पुत्र उत्कर्ष तथागत ने दी। उनकी अंतिम यात्रा 7.30 बजे भाजपा प्रदेश कार्यालय से दीघा घाट के लिए निकली। इसके पहले पटना एयरपोर्ट से पार्थिव शरीर उनके पैतृक आवास राजेंद्र नगर लाया गया। यहां से आरएसएस क्षेत्रीय कार्यालय और फिर विधान मंडल परिसर पहुंचा था। पार्टी कार्यालय में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पार्थिव शरीर पर पार्टी का झंडा ओढ़ाकर उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी।
आवास से पार्थिव शरीर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्रीय कार्यालय विजय निकेतन 5 बज कर 5 मिनट पर लाया गया। यहां भी श्रद्धांजलि दी गई। दिनकर गोलंबर के सहित राजधानी की कई जगहों पर कार्यकर्ताओं ने श्रद्धांजलि दी। 5 बज कर 31 मिनट पर उनका पार्थिव शरीर विधान मंडल परिसर पहुंचा। यहां विभिन्न दलों के नेताओं ने अंतिम दर्शन कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
गले के कैंसर से पीड़ित सुशील कुमार मोदी का सोमवार की रात 9.29 बजे दिल्ली एम्स में निधन हो गया था। उनका पार्थिव शरीर मंगलवार को 1 बज कर 52 मिनट पर पटना हवाईअड्डा पहुंचा। विशेष वाहन से उनका पार्थिव शरीर 2 बज कर 52 मिनट पर राजेंद्र नगर स्थित आवास पर पहुंचा। आवास पर पार्थिव शरीर पहुंचने के पहले ही बड़ी संख्या में भाजपा नेता, कार्यकर्ता, शुभचिंतकों के साथ ही मोहल्ले के लोग जमा थे। पार्थिव शरीर को लोगों के दर्शन के लिए 4 बज कर 11 मिनट पर रखा गया।