Saturday 02-May-2026

अमेठी में टैंकर और कार की टक्कर, दारोगा की मौत; गैस के रिसाव में मचा हड़कंप

अमेठी में टैंकर और कार की टक्कर, दारोगा की मौत; गैस के रिसाव में मचा हड़कंप

अमेठी, इंपैक्ट लाइव टीम।

उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले के जायस थाना क्षेत्र के अंतर्गत मुरगहिया गांधीनगर के पास सोमवार को एलपीजी गैस भरे टैंकर और कार की टक्कर में एक उपनिरीक्षक (दारोगा) की मौत हो गई जबकि एक सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गया। टैंकर सड़क पर पलट गया और गंभीर खतरे को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने एक किलोमीटर के इलाके को खाली करा लिया है। टैंकर से एलपीजी गैस का रिसाव हो रहा है और विशेषज्ञों की टीम बुलाई गई है।

जानकारी के अनुसार जयस थाना क्षेत्र में गांधीपुरम गांधीनगर के पास गैस ले जा रहे टैंकर और कार में टक्कर हो गई। इस हादसे में टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया और उसमें से गैस का रिसाव शुरू हो गया। हादसे में कार सवार दारोगा बृजभूषण की मौत हो गई। जबकि सिपाही संत राज गंभीर रूप से घायल हुआ है।

हादसे के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई है। पुलिस ने एक किलोमीटर का क्षेत्र अपने कब्जे में ले लिया है। आसपास मौजूद लोगों और ग्रामीणों को वहां से हटाया जा रहा है। पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद हैं।