Saturday 13-Jun-2026

जन विश्वास यात्रा से पहले खुद को सही साबित करें तेजस्वी: गिरिराज सिंह

जन विश्वास यात्रा से पहले खुद को सही साबित करें तेजस्वी: गिरिराज सिंह

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि तेजस्वी यादव की जन विश्वास यात्रा दिखावा है। यात्रा निकालने से पहले वे और उनके परिवार वाले अपने ऊपर लगे आरोपों को झूठा साबित करें। सीएम नीतीश कुमार उनके कार्यकाल की जांच कराने वाले हैं और यह जन विश्वास यात्रा निकाल रहे हैं। जिसका काम ही घोटाले से संपत्ति अर्जित करना है, वे ईमानदारी की बात कर रहे हैं। सोमवार को सर्किट हाउस में पत्रकारों से बात करते हुए केंद्रीय मंत्री राजद और कांग्रेस पर जमकर हमला बोला।

केंद्रीय मंत्री ने लोकसभा चुनाव में बिहार की सभी 40 सीटों पर जीत का दावा किया। कहा कि यूपीए सरकार 10 साल रही, इस दौरान विवादों से घिरी रही। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए सरकार उम्मीदों से घिरी है। दावा किया कि नरेंद्र मोदी तीसरी बार भी देश के पीएम बनेंगे। केंद्रीय मंत्री पशुपति नाथ पारस और चिराग पासवान के बीच सीट बंटवारे को लेकर विवाद पर कुछ बोलने से मना कर दिया। सर्किट हाउस में गिरीराज सिंह फैंस क्लब की ओर से केंद्रीय मंत्री का स्वागत किया गया।

गिरिराज सिंह ने बाबा गरीबनाथ में किया रूद्राभिषेक :
केंद्रीय मंत्री ने सोमवार को गरीबनाथ मंदिर में रूद्राभिषेक किया। इसके बाद ब्राह्मणटोली स्थित काली पूजा के आयोजक आचार्य डॉ़ चंदन उपाध्याय के आवास पर फलाहार में पहुंचे। डॉ़ उपाध्याय और अमित कुमार ने इन्हें मां काली की प्रतिमा भेंट की और शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया।