Wednesday 29-Apr-2026

क्या हो मोदी जी, जंगलराज में मजा आ रहा है ना? RJD ने बिहार में बढ़ते अपराध को लेकर पीएम पर साधा निशाना

क्या हो मोदी जी, जंगलराज में मजा आ रहा है ना? RJD ने बिहार में बढ़ते अपराध को लेकर पीएम पर साधा निशाना

पटना, इंपैक्ट लाइव टीम।

बिहार में पिछले कुछ महीनों से अपराध की बढ़ती घटनाओं को लेकर विपक्ष लगातार नीतीश सरकार पर हमला बोल रहा है। पूर्व डिप्टी सीएम और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव राज्य लगातार क्राइम बुलेटिन जारी कर राज्य सरकार को घेरने की कोशिश करते हैं। गुरुवार को भी उन्होंने आंकड़ा जारी कर एनडीए सरकार पर जोरदार हमला बोला है। तेजस्वी ने इस बार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, चिराग पासवान, जीतनराम मांझी, उपेंद्र कुशवाहा और पशुपति पारस को भी निशाने पर लिया है।

तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 'सुषुप्त अवस्था' में हैं. प्रदेश में बेलगाम अपराध और ध्वस्त विधि व्यवस्था के कारण प्रतिदिन सैकड़ों लोगों की सत्ता प्रायोजित पूर्व नियोजित हत्याएं हो रही है लेकिन किसी पुलिस अधिकारी पर किसी भी प्रकार की कार्रवाई या तबादला करने की बजाय अपराध वाले जिलों/क्षेत्रों में ही उन्हें लंबी अवधि तक, तब तक पोस्टिंग दी जा रही कि जब तक पोस्टिंग के वक्त निवेशित राशि पर 𝐃𝐢𝐯𝐢𝐝𝐞𝐧𝐝 (लाभांश) ना मिल जाए।

तेजस्वी यादव ने राष्ट्रीय जनता दल के आधिकारिक एक्स हैंडल से भी एक पोस्ट किया गया है, जिसमें पीएम मोदी और एनडीए के बाकी सहयोगी को घेरने की कोशिश की गई है। आरजेडी ने लिखा कि क्या हो नरेंद्र मोदी जी, इस जंगलराज में आपको मजा आ रहा है ना? चुनाव के वक्त फिर बिहार आकर बोलना कि बिहार का बेटा हूं? नरेंद्र मोदी, चिराग पासवान, जीतनराम मांझी, नीतीश कुमार, उपेंद्र कुशवाहा, विजय सिन्हा, पशुपति पारस के सौजन्य से बिहार में अपराध की बाढ़ और अपराधियों की बहार है।

गौरतलब है कि तेजस्वी यादव इन दिनों 'कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम' के लिए बिहार की यात्रा पर निकले हुए हैं। 10 सितंबर को समस्तीपुर से उनकी यात्रा की शुरुआत हुई थी। अपन यात्रा के दौरान तेजस्वी अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं से मिलेंगे और फीडबैक लेंगे। पहले चरण में वह 17 सितंबर तक यात्रा पर रहेंगे। वहीं नवंबर-दिसंबर में दूसरा फेज शुरू होगा। दरअसल, 2025 में होने वाले बिहार विधानसभा चुनाव के लिहाज से तेजस्वी यादव के इस 'कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम' को बेहद अहम माना जा रहा है।