Wednesday 24-Jun-2026

जो चुनाव नहीं जीत सकते, वे राजस्थान से राज्यसभा में आए; पीएम मोदी का सोनिया गांधी पर तंज

जो चुनाव नहीं जीत सकते, वे राजस्थान से राज्यसभा में आए; पीएम मोदी का सोनिया गांधी पर तंज

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को कांग्रेस नेता सोनिया गांधी के राजस्थान से राज्यसभा सदस्य बनने पर तंज कसते हुए कहा कि जो लोग चुनाव नहीं जीत सकते वे मैदान से भागकर राजस्थान से राज्यसभा में आए हैं। प्रधानमंत्री ने भीनमाल (जालोर) में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा कि पार्टी ने परिवारवाद और भ्रष्टाचार का दीमक फैलाकर देश को खोखला कर दिया और उसके इन्हीं पापों की सजा आज देश पार्टी को दे रहा है।

उन्होंने कहा कि जिस कांग्रेस पार्टी ने कभी देश में 400 लोकसभा सीट जीतीं थीं, आज वह 300 सीटों पर चुनाव नहीं लड़ पा रही है। मोदी ने कहा, जो लोग चुनाव नहीं लड़ सकते, चुनाव जीत नहीं सकते.. वे मैदान से भाग कर इस बार राजस्थान से राज्यसभा में आए हैं। कांग्रेस की इतनी हालत खराब है। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी फरवरी में राजस्थान से राज्यसभा सदस्य निर्वाचित होने वाले सांसदों में शामिल हैं। इस लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के कई दिग्गजों को मैदान में नहीं उतारा गया हालांकि पार्टी ने उन अटकलों को खारिज कर दिया है कि वे चुनाव लड़ने से कतरा रहे थे।

राजस्थान में पहले चरण के मतदान की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा, पहले चरण के मतदान में आधे राजस्थान ने कांग्रेस को बराबर सजा दी है। उसे बराबर सबक सिखाया है। उन्होंने कहा, राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत राजस्थान ये जानता है कि कांग्रेस कभी भी मजबूत भारत बना ही नहीं सकती। देश को ऐसी कांग्रेस सरकार नहीं चाहिए। देश को 2014 के पहले जो हालात थे वो हालात वापस नहीं चाहिए।

मोदी ने कहा, (तब) हर कोई कांग्रेस की कमजोर सरकार को आता जाता हर कोई धमकाता था और हर कोई देश को लूटने में जुटा था। प्रधानमंत्री को तो कोई पूछता ही नहीं था। सरकार रिमोट कंट्रोल से चला करती थी। कैबिनेट से पास हुए अध्यादेश को उनकी पार्टी के ही एक नेता मीडिया की बैठक में बड़े रौब से फाड़ कर फेंक देते थे।