Wednesday 06-May-2026

झारखंड में दर्दनाक हादसा, आसनसोल -झाझा मेमू पैसेंजर ट्रेन से कटकर दो लोगों की मौत

झारखंड में दर्दनाक हादसा, आसनसोल -झाझा मेमू पैसेंजर ट्रेन से कटकर दो लोगों की मौत

हावड़ा-नई दिल्ली रेल खंड पर बुधवार की शाम ट्रेन हादसे में दो लोगों की मौत हो गई है। आसनसोल रेलमंडल अंतर्गत विद्यासागर-कासियाटांड़ हॉल्ट के बीच कालाझरिया के समीप बुधवार की संध्या 7 बजे मेमू पैसेंजर के चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई। दोनों मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।

घटना की सूचना पाकर आस-पास के ग्रामीण इलाकों से बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। इस बीच एसपी अनिमेष नैथानी, एसडीओ अनंत कुमार ने घटनास्थल पहुंचकर सर्च अभियान चलाया। रेलवे ट्रैक पर सर्च अभियान के क्रम में दो शव बरामद किया। दोनों शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल जामताड़ा भेजा गया है। इस दौरान लगभग डेढ़ घंटे तक हावड़ा-यशवंतपुर कासीटांड़ हॉल्ट पर खड़ी रही।

बताया जा रहा है कि 12254 यशवंतपुर-हावड़ा एक्सप्रेस ट्रेन डाउन लाइन से जा रही थी। अचानक स्टोन डस्ट उड़ने लगा। ट्रेन में सवार लोगों को लगा कि आग लग गई है और लोगों ने चेन पुलिंग कर दिया। उसके बाद ट्रेन वहां रूक गई। ट्रेन से यात्री घबराहट में नीचे उतरने लगे तभी अपलाइन पर लोकल ट्रेन पहुंच गई। इस आपाधापी में भागने के क्रम मे दो लोग ट्रेन की चपेट में आ गए जिससे घटनास्थल पर मौत हो गई है।

इधर पूर्व मंडल के सीपीआरओ ने बयान जारी कहा कि हादसे के शिकार दोनों व्यक्ति रेलवे ट्रैक पर टहल रहे थे। वही घटना की जांच के लिए तीन ज्वाइंट एडवाइजरी कमेटी का गठन किया गया है।