मोतिहारी, इंपैक्ट लाइव टीम।
बिहार के मोतिहारी में शौचालय के टंकी का सेंट्रिंग खोलने के दौरान चार लोगों की मौत हो गई है। सेंट्रिंग के दौरान बेहोशी की हालत में चारों को था ढ़ाका अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया, जहां इनकी मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने इलाज में लापरवाही के कारण मौत होने का आरोप लगाते हुए अस्पताल में जमकर तोड़फोड़ की है। आक्रोशित लोगों के हंगामा को देखकर चिकित्सक और चिकित्साकर्मी फरार हो गए।
हादसे की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अनुमंडलीय अस्पताल पहुंची, लेकिन आक्रोशित लोग पुलिस की ओर भी दौड़ पड़े। इसके आद गुस्साए लोगों की भीड़ चिकित्सा प्रभारी के घर पहुंची और जमकर उत्पात मचाया। पुलिस जब वहां पहुंची तब लोग पत्थरबाजी करने लगे। हालात को काबू में पुलिस ने लाठी चार्ज किया।
जानकारी के अनुसार महावीर ठाकुर के निर्माणाधीन घर के शौचालय का सेंट्रिंग खोलने चार मजदूर टंकी के अंदर घुसे थे, जो एक-एक कर बेहोश हो गए। बाद में ग्रामीणों के सहयोग से उन्हें बाहर निकाला गया और इलाज के लिए ढ़ाका अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। मृतकों की शिनाख्त अब्दुल बकर, हसनैन अंसारी, वसी अहमद अंसारी और योगेंद्र यादव के रूप में हुई है।