Monday 25-May-2026

वैशाली में दर्दनाक हादसा, ट्रक और ऑटो की भिड़ंत; 3 महिलाओं समेत 4 की मौत

वैशाली में दर्दनाक हादसा, ट्रक और ऑटो की भिड़ंत; 3 महिलाओं समेत 4 की मौत

वैशाली, इंपैक्ट लाइव टीम।

बिहार के वैशाली जिले में सोमवार को ट्रक और ऑटो के बीच हुए जोरदार टक्कर में चार लोगों की मौत हो गई। वैशाली थाना क्षेत्र के भगवानपुर रत्ती गांव स्थित कोल्ड स्टोरेज के पास यह हादसा हुआ है। दो लोगों की मौके पर मौत हुई जबकि दो लोगों ने बाद में दम तोड़ दिया। हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ लग गई। घायलों को इलाज के लिए वैशाली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उन्हें हाजीपुर सदर अस्पताल भेज दिया गया। सभी घायलों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग मुजफ्फरपुर जिले के मोतीपुर के रहने वाले बताए जा रहे हैं। ऑटो में सवार सभी लोग हाजीपुर सदर थाना क्षेत्र स्थित हरोली बूढ़ी माई स्थान से पूजा कर वापस लौट रहे थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है।

impact add3

वैशाली थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार ने कहा कि तेज रफ्तार ट्रक की ऑटो से टक्कर हो गई जिसकी वजह से यह हादसा हुआ है। हादसे के बाद मौके पर दो लोगों की मौत हो गई और हाजीपुर सदर अस्पताल में दो महिलाओं ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। सभी मृतक एक ही परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं। मृतकों में तीन महिलाएं हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

इस पूरी घटना पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शोक जताया है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि वैशाली जिले के चकवस कोल्ड स्टोरेज के पास सड़क हादसे में 4 लोगों की मृत्यु दुःखद. शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना है। घायलों का समुचित इलाज कराने का निर्देश दिया है और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना है।