Saturday 13-Jun-2026

3 डीएम सहित 15 आईएएस का ट्रांसफर, 8 आईपीएस का तबादला; काम्या मिश्रा बनीं दरभंगा की ग्रामीण एसपी

3 डीएम सहित 15 आईएएस का ट्रांसफर, 8 आईपीएस का तबादला; काम्या मिश्रा बनीं दरभंगा की ग्रामीण एसपी

बिहार की नीतीश कुमार सरकार ने बुधवार को भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के 14 वरिष्ठ अधिकारियों का तबादला कर दिया। बिहार सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग (जीएडी) द्वारा जारी एक अधिसूचना के अनुसार, 1992 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी दीपक कुमार सिंह को राज्य के राजस्व विभाग और भूमि सुधार विभाग का अपर मुख्य सचिव (एसीएस) बनाया गया है। वे फिलहाल बिहार सहकारिता विभाग में एसीएस के पद पर तैनात थे।

इसी तरह राज्य सरकार के खान एवं भूविज्ञान विभाग के एसीएस के पद पर तैनात 1992 बैच के आईएएस अधिकारी परमार रवि मनुभाई को अगले आदेश तक राज्य के मुख्य सतर्कता आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वहीं, 1996 बैच के आईएएस अधिकारी और बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष आनंद किशोर को नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

इसी तरह,फिलहाल नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव के पद पर तैनात 1997 बैच के आईएएस अधिकारी संतोष कुमार मल्ल को बिहार सहकारिता विभाग का प्रधान सचिव नियुक्त किया गया है। वहीं, कैबिनेट सचिवालय के सचिव के पद पर तैनात 2003 बैच के आईएएस अधिकारी अनुपम कुमार को संसदीय कार्य विभाग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। बिहार शहरी बुनियादी ढांचा विकास निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक के पद पर तैनात 2006 बैच के आईएएस अधिकारी धर्मेंद्र सिंह को सामान्य प्रशासन विभाग के सतर्कता आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

वैशाली-अरवल के एसपी समेत आठ आईपीएस का तबादला
बिहार में भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के आठ अधिकारियों को स्थानांतरित किया गया है। चार जिलों खगड़िया, वैशाली, अरवल एवं किशनगंज में नए पुलिस अधीक्षक (एसपी) की तैनाती की गई है। काम्या मिश्रा को अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी) के सहायक पुलिस अधीक्षक पद से स्थानांतरित कर दरभंगा का ग्रामीण एसपी बनाया गया है। गृह विभाग द्वारा बुधवार को इसकी अधिसूचना जारी की गई।

गृह विभाग की अधिसूचना के अनुसार चंदन कुशवाहा को खगड़िया का एसपी, हरकिशोर राय को वैशाली का एसपी, राजेन्द्र कुमार भील को अरवल का एसपी तथा सागर कुमार को खगड़िया एसपी के पद से हटाकर किशनगंज का एसपी बनाया गया है। वहीं, डॉ. इनामुलहक मेंगनू को किशनगंज एसपी के पद से हटाकर गृह रक्षवाहिनी पटना का समादेष्टा, कार्तिकेय को के. शर्मा बी-सैप, पटना में सहायक पुलिस महानिरीक्षक की जिम्मेवारी दी गई है। इन्हें सहायक पुलिस महानिरीक्षक (प्रशिक्षण) का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। वहीं, विद्या सागर को अरवल एसपी के पद से हटाकर अपर निदेशक सह सहायक राज्य अग्निशमन पदाधिकारी, पटना के पद पर तैनात किया गया है।