भाकपा (माओवादी) से अलग होकर गठित हुई झारखंड जन मुक्ति परिषद (जेजेएमपी) के एक स्वयंभू कमांडर सहित दो माओवादियों ने शुक्रवार को लातेहार जिले में सुरक्षा बलों के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि उनकी पहचान जेजेएमपी के स्वयंभू कमांडर मनोहर पढ़िया और भाकपा (माओवादी) के क्षेत्रीय कमांडर दीपक कुमार भुइयां उर्फ कुंदन के रूप में हुई है। पढ़िया पर 10 लाख रुपये का ईनाम घोषित था। पुलिस ने बताया कि मनोहर कई अपराधों में कथित तौर पर संलिप्त रहा है जिसमें भाजपा नेता जयवर्द्धन सिंह की हत्या भी शामिल है। पलामू के पुलिस महानिरीक्षक राजकुमार लकड़ा ने कहा कि दोनों माओवादियों का आत्मसमर्पण लोकसभा चुनावों से पहले सुरक्षा बलों की एक बड़ी उपलब्धि है।