समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा है कि 2024 लोकसभा चुनाव को लेकर उत्तर प्रदेश 80 हराओ का नारा दे रहा है। आज यहां गांधी मैदान और पटना की सड़कों पर आयी भीड़ बता रही है कि बिहार भी पीछे नहीं है। यहां से भी 40 हराओ का नारा निकल रहा है। इस तरह उत्तर प्रदेश और बिहार मिलकर भाजपा को 120 सीटों पर हराएगा। यूपी-बिहार से भाजपा बाहर जा रही है।
अखिलेश यादव रविवार को पटना के गांधी मैदान में महागठबंधन की जन विश्वास महारैली को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि समुद्र मंथन की बात सबको पता है। 2024 लोकसभा चुनाव में संविधान मंथन होने जा रहा है। एक तरफ वो लोग हैं जो संविधान बचाना चाहते हैं। दूसरी तरफ वो लोग हैं, जो संविधान को खत्म करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि बिहार आया तो अखबार में देखा तो एक लड़की ने परीक्षा रद्द होने से आत्महत्या कर ली। परीक्षा का पेपर लीक हो गया था। उत्तर प्रदेश में ऐसी कई घटनाएं हुईं हैं।
अखिलेश ने कहा कि उत्तर प्रदेश, जहां से प्रधानमंत्री चुनकर जाते हैं, जनता ने उनपर भरोसा किया, लेकिन डबल इंजन की सरकार ने बेरोजगारी दी है। मुझे खुशी है बिहार में तेजस्वी यादव ने नौकरियां और रोजगार दी है। यूपी में 60 लाख बच्चे जो पेपर नहीं लिख पाये, उनके परिवार के लोग कम-से-कम एक करोड़ 80 लाख होते हैं। इस तरह यूपी के हर लोकसभा क्षेत्र में भाजपा के सवा दो लाख वोट हम हो गये हैं। यह भी कहा कि हमलोग भाजपा का मुकाबला कर रहे हैं, इसलिए एजेंसियों का उपयोग हमलोगों के खिलाफ हो रहा है।