राष्ट्रीय लोक जनता दल (रालोजद) अब राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) के नाम से जाना जाएगा। भारत निर्वाचन आयोग ने पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी का निबंधन रालोजद के स्थान पर राष्ट्रीय लोक मोर्चा के नाम से किया है।
आयोग ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा को पार्टी के निबंधन की सूचना दे दी है। रविवार को पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उपेंद्र कुशवाहा ने इसकी जानकारी दी और पार्टी के नए नाम का अनावरण किया।
उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि चुनाव आयोग ने रालोजद के निबंधन के लिए दिए गए आवेदन में इस नाम के अतिरिक्त तीन या उससे अधिक नामों की जानकारी मांगी थी। पार्टी द्वारा पहले स्थान पर राष्ट्रीय लोक मोर्चा नाम दिया गया था। इसके अतिरिक्त 5 अन्य नाम भी आयोग को भेजे गए थे। चुनाव आयोग से मिली सूचना के अनुसार उनके दल को राष्ट्रीय लोक मोर्चा के नाम से निबंधित किया गया है।
उन्होंने कहा कि अब लोकसभा चुनाव में राष्ट्रीय लोक मोर्चा एनडीए गठबंधन के तहत चुनाव लड़ेगा। राज्य के सभी 40 सीटों पर एनडीए की जीत सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने फिलहाल उनको मिलने वाली सीट को लेकर कहा कि यह एनडीए की बैठक में तय होगा। वे एनडीए के साथ हैं।