झारखंड के चौथे व अंतिम चरण के लोकसभा चुनाव में झारखंड की दुमका, गोड्डा और राजमहल सीटों के लिए शनिवार को मतदान हुआ। शांतिपूर्ण माहौल में तीनों जगहों पर जमकर वोट बरसे। सुहाने मौसम में लोगों ने अपने घरों से निकल कर बूथों पर जाकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। शाम पांच बजे तक प्राप्त आंकड़ों के अनुसार दुमका संसदीय क्षेत्र में 69.89 फीसदी, गोड्डा में 67.24 फीसदी और राजमहल में 66.86 फीसदी मतदान हुआ।
दुमका के जिला निर्वाची पदाधिकारी आंजनेयुलु दोड्डे ने बताया कि शिकारीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र में 73 फीसदी, नाला विधानसभा 74 फीसदी, जामताड़ा विधानसभा 67.05 फीसदी, दुमका विधानसभा 68.05 फीसदी, जामा विधानसभा 69.08 फीसदी तथा सारठ विधानसभा में 67.09 फीसदी मतदान हुआ है। हालांकि यह आंकड़ा अभी बढ़ेगा। पिछली बार लोकसभा चुनाव में यहां कुल 73 प्रतिशित मतदान हुआ था। इस बार सबसे ज्यादा सारठ में 74 फीसदी और शिकारीपाड़ा 73 फीसदी मतदान हुआ।
इसी तरह गोड्डा लोकसभा क्षेत्र में सर्वाधिक 70.11 प्रतिशत मतदान देवघर जिले के मधुपुर विधानसभा क्षेत्र हुआ। महागामा विधानसभा क्षेत्र 64.08 प्रतिशत मतदान के साथ सबसे निचले पायदान पर रहा। देवघर विधानसभा क्षेत्र में 64.68 प्रतिशत, पोड़ैयाहाट 68.31, गोड्डा विधानसभा क्षेत्र में 67.82 और जरमुंडी विधानसभा क्षेत्र में 69.46 प्रतिशत लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
वहीं राजमहल संसदीय क्षेत्र सबसे अधिक 74.01 फीसदी मतदान पाकुड़ जिले के महेशपुर विधानसभा क्षेत्र एवं सबसे कम 62.66 फीसदी मतदान बोरियो विधानसभा क्षेत्र में हुआ। 2019 के लोकसभा चुनाव के मुकाबले राजमहल सीट पर 5.19 फीसदी कम मतदान हुआ।