Wednesday 04-Nov-2026

जम्मू-कश्मीर में 3 चरणों में और हरियाणा में एक चरण में होगा मतदान, 4 अक्टूबर को वोटों की गिनती

जम्मू-कश्मीर में 3 चरणों में और हरियाणा में एक चरण में होगा मतदान, 4 अक्टूबर को वोटों की गिनती

नई दिल्ली, इंपैक्ट लाइव टीम।

जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 हटाये जाने के बाद पहले विधानसभा चुनाव तीन चरणों में 18 और 25 सितम्बर तथा एक अक्टूबर को होंगे जबकि हरियाणा में विधानसभा चुनाव एक चरण में एक अक्टूबर को होंगे और दोनों जगह मतगणना चार अक्टूबर को होगी। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार, चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार तथा डा सुखबीर सिंह संधू ने शुक्रवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जम्मू कश्मीर के बहुप्रतिक्षीत चुनावों की तारीखों की घोषणा की।

राजीव कुमार ने बताया कि 90 सदस्यीय जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 24 सीटों के लिए अधिसूचना अमरनाथ यात्रा समाप्त होने के अगले दिन 20 अगस्त को जारी की जायेगी और नामांकन पत्र 27 अगस्त तक दायर किये जा सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 28 अगस्त को और नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 30 अगस्त होगी। उन्होंने बताया कि जम्मू कश्मीर में दूसरे चरण में 26 सीटों के लिए चुनाव 25 सितम्बर को होगा जिसके लिए अधिसूचना 29 अगस्त को जारी की जायेगी।

impact add6

इस चरण में पांच सितम्बर तक नामांकन भरे जा सकेंगे, नामांकन पत्रों की जांच 6 सितम्बर को की जायेगी तथा नाम वापसी की अंतिम तिथि 9 सितम्बर होगी। तीसरे और अंतिम चरण में 40 सीटों पर मतदान एक अक्टूबर को होगा। इसके लिए अधिसूचना 5 सितम्बर को जारी की जायेगी और नामांकन 12 सितम्बर तक किये जा सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 13 सितम्बर को की जायेगी और नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 17 सितम्बर होगी।

हरियाणा की 90 सदस्यीय विधानसभा के लिए एक ही चरण में एक अक्टूबर को मतदान होगा। इसके लिए अधिसूचना पांच सितम्बर को जारी की जायेगी और नामांकन 12 सितम्बर तक किये जा सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 13 सितम्बर को की जायेगी और 16 सितम्बर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। उन्होंने कहा कि दोनों राज्यों में मतगणना एक साथ चार अक्टूबर को होगी तथा छह अक्टूबर तक चुनावी प्रक्रिया पूरी कर ली जायेगी। उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर और हरियाणा में चुनाव को शराब, नशीली दवाओं और अन्य प्रलोभनों से मुक्त रखने के लिए राज्य तथा केन्द्र की प्रवर्तन एजेन्सियों को पूरी तरह चौकस रहने के लिए कहा गया है।