विकासशील इंसान पार्टी के प्रमुख और बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी आज झंझारपुर, अररिया और सुपौल में चुनावी सभाओं को संबोधित किया। उन्होंने जोर देकर कहा कि हम बिहारी हैं, बाहर से आने वाले लोग यहां के लोगों को डराने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन उन्हें नहीं पता कि हम बिहारी डरने वाले नहीं हैं।
उन्होंने झंझारपुर में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए लोगों को भरोसा दिया, आप महागठबंधन के प्रत्याशी को जीताकर दिल्ली भेजिए, भरोसा देता हूँ कि उनको मंत्री बनाया जाएगा। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि देश में इंडिया गठबन्धन की सरकार बन रही है।
सहनी ने कहा कि आज लोकतंत्र और संविधान खतरे में है। उन्होंने लोगों को सचेत करते हुए कहा कि अगर एनडीए गठबन्धन फिर सत्ता में आई तो देश में संविधान बदलना तय है। उन्होंने कहा कि आज जनता की चुनी हुई सरकार को पैसे के बल पर गिराकर जनता का अपमान किया जा रहा हैं।
उन्होंने कहा कि अगर आज हम जैसे लोग मंच से भाषण दे रहे हैं तो इसका देन बाबा साहब का संविधान है, जिसने हमलोगों को अधिकार दिया है। आज इसी संविधान पर खतरा है। उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री केवल झूठ बोल रहे हैं, लेकिन वे 10 साल पहले वाले वादे को भूल गए हैं। उन्होंने लोगों से ऐसी सरकार बदलने की अपील की।