प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) आगामी लोकसभा चुनाव में 400 से अधिक सीट जीतेगा क्योंकि देश को मोदी की गारंटी पर भरोसा है। मोदी ने विपक्षी इंडिया गठबंधन पर योजनाओं के कार्यान्वयन में रुकावटें पैदा करने का आरोप लगाते हुए झारखंड सरकार पर तीखा हमला बोला और कहा कि भ्रष्टाचार चरम पर होने के साथ ही सत्तारूढ़़ झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) जमकर खाओ का पर्याय बन गया है।
पीएम मोदी ने धनबाद जिले के बरवाअड्डा में विजय संकल्प महारैली को संबोधित करते हुए कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में अबकी बार 400 पार क्योंकि देश को मोदी की गारंटी पर भरोसा है, जहां भी मैं जाता हूं, यही नारा सुनाई देता है। जहां दूसरों से सारी उम्मीदें खत्म होती हैं, वहां से मोदी की गारंटी शुरू होती है। उन्होंने कहा कि झारखंड के लोगों की मेहनत व्यर्थ नहीं जाएगी और लोगों की मेहनत का भुगतान पूरे ब्याज सहित मिलेगा।
प्रधानमंत्री ने लोगों का अभिवादन जोहार (आदिवासी अभिवादन और स्वागत) कहकर किया। उन्होंने कहा कि चाहे वे (इंडिया गुट) कितना भी कीचड़ उछालें, (भाजपा का प्रतीक) कमल हर जगह खिलेगा। मोदी ने कहा कि सत्तारूढ़ झामुमो आकंठ भ्रष्टाचार में डूबा हुआ है और उसकी तुष्टीकरण नीतियों के कारण घुसपैठ हुई है। उन्होंने कहा कि झामुमो का मतलब 'जमकर खाओ' से है। तुष्टीकरण बढ़ रहा है, रंगदारी चरम पर है। झामुमो और कांग्रेस के नेताओं ने झारखंड के लोगों को केवल लूटने का काम किया है और अघोषित संपत्ति का पहाड़ खड़ा कर दिया है।
पीएम मोदी ने जाहिर तौर पर झारखंड से कांग्रेस सांसद धीरज साहू के परिसर से 350 करोड़ रुपये से अधिक नकदी की बरामदगी का जिक्र करते हुए कहा कि मैंने अपने जीवन में नोटों के ऐसे बंडल पहले कभी नहीं देखे। यह पैसा झारखंड की जनता और गरीब आदिवासियों का है। यह पैसा आपके बच्चों के भविष्य के लिए था लेकिन इसे लूट लिया गया। उन्होंने पूछा कि क्या लोग ऐसे लोगों को माफ करेंगे। मोदी ने कहा कि लूटा गया पैसा लोगों को वापस किया जाएगा और यह मोदी की गारंटी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जेल में बंद पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का नाम लिए बिना कहा कि जब मोदी भ्रष्टाचारियों के खिलाफ कार्रवाई करता है तो वे जांच से भागने की कोशिश करते हैं क्योंकि वे अपने पापों को जानते हैं। सोरेन को कथित भूमि घोटाले से जुड़े धनशोधन मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 31 जनवरी को गिरफ्तार कर लिया था।
पीएम मोदी ने कहा कि झामुमो और कांग्रेस ने आदिवासियों को केवल वोट बैंक माना है। वे प्रतिभाशाली आदिवासियों को कभी आगे नहीं बढ़ने देंगे क्योंकि उन्हें केवल अपने परिवारों की चिंता है, लेकिन मोदी जो कर रहा है वह आपके और आपके बच्चों के लिए कर रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तरी करणपुरा बिजली परियोजना और सिन्द्री उर्वरक इकाई जैसे संयंत्रों का पुनरुद्धार मोदी की गारंटी के पूरा होने का उदाहरण है।