एआईएमआईएम चीफ और हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी के द्वारा दिए गए एक बयान को लेकर जमकर सियासत हो रही है। दरअसल, 18वीं लोकसभा की कार्यवाही के दूसरे दिन ओवैसी ने संसद सदस्य के रूप में शपथ ली। इस दौरान ओवैसी ने 'जय फिलिस्तीन' का नारा लगाकर विवाद पैदा कर दिया है। एआईएमआईएम प्रमुख के बयान को लेकर जेडीयू सांसद और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह की ओर से बुधवार को प्रतिक्रिया सामने आई है। ललन सिंह ने कहा है कि यह गलत है। आप भारत के संविधान के प्रति शपथ लेते हैं। भारत के संविधान के प्रति शपथ लेने के साथ आप किसी विदेशी मुल्क का जिंदाबाद करते हैं, जो यह दर्शाता है कि आपने आधे मन से शपथ ली है।
गौरतलब है कि असदुद्दीन ओवैसी को 18वीं लोकसभा की कार्यवाही के दूसरे दिन लोकसभा के सदस्य के रूप में शपथ लेने के लिए प्रोटेम स्पीकर ने बुलाया। ओवैसी आए और उन्होंने बिस्मिल्लाह पढ़कर शपथ ली। सांसद पद की शपथ लेने के बाद उन्होंने जाते-जाते 'जय भीम, जय तेलंगाना और बाद में जय फिलिस्तीन' का नारा लगा दिया। ओवैसी के इसी बयान को लेकर राजनीतिक बवाल मचा है।
ओवैसी ने जैसे ही यह नारा लगाया तो संसद में मौजूद भााजपा के सांसदों ने हंगामा शुरू कर दिया। अब लगातार ओवैसी के इस बयान के खिलाफ प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। विवाद बढ़ रहा है और अब उनकी लोकसभा सदस्यता जाने पर बात आ गई है। ओवैसी को सांसद के तौर पर अयोग्य घोषित करने के लिए राष्ट्रपति के समक्ष शिकायत दर्ज की गई है।