प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि वह चाहते हैं कि भाजपा के नेतृत्व वाला राजग मौजूदा लोकसभा चुनाव में 400 सीट जीते ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि कांग्रेस कश्मीर में अनुच्छेद 370 वापस न लाए और अयोध्या में राम मंदिर पर बाबरी ताला न लगाए। मध्य प्रदेश के धार में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने मुसलमानों को आरक्षण का लाभ देने के राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद के बयान की भी आलोचना की। उन्होंने कहा कि विपक्षी 'इंडिया' गुट की साजिश गहरी है और वह अपने वोट बैंक के लिए एससी, एसटी और ओबीसी का पूरा आरक्षण चाहता है।
उन्होंने कांग्रेस पर डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर को अपमानित करने का भी आरोप लगाया, उन्होंने कहा कि विपक्षी दल ने यह कहना शुरू कर दिया है कि संविधान बनाने में उनकी बहुत कम भूमिका थी। मोदी ने कहा, सच्चाई यह है कि कांग्रेस परिवार डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर से बेहद नफरत करता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस अफवाह फैला रही है कि अगर उन्हें 400 लोकसभा सीटे मिलेंगी तो वे संविधान बदल देंगे। उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है जैसे कांग्रेस के लोगों की बुद्धि अपने वोट बैंक पर केंद्रित हैं।
लालू प्रसाद पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस उन्हें अपने सिर पर नचा रही है। मोदी ने कहा, उनके नेता ने जानवरों का चारा खाया है। भ्रष्टाचार के मामले में अदालत द्वारा दोषी ठहराए गए वह अब स्वास्थ्य कारणों से जमानत पर हैं। अब लालू कह रहे कि मुसलमानों को सिर्फ आरक्षण ही नहीं मिलना चाहिए बल्कि सारा आरक्षण मुसलमानों को दिया जाना चाहिए। पीएम मोदी ने कहा, इसका मतलब है कि वे एससी, एसटी और ओबीसी से सारा आरक्षण छीनकर मुसलमानों के लिए चाहते हैं।
मोदी ने कहा, ये लोग ऐसा इसलिए कर रहे हैं क्योंकि वे इसी वोट बैंक के सहारे अपनी बची हुई सांसें गिन रहे हैं, बाकी सब खत्म हो गया है, उनके पास कुछ नहीं बचा है। उन्होंने कहा, मैं कह रहा था कि वे आरक्षण का कुछ हिस्सा काट देंगे और इसे धर्म के आधार पर देंगे लेकिन साजिश गहरी है। वे मतदान के दिन कह रहे हैं कि वे एससी, एसटी और ओबीसी का सारा आरक्षण मुस्लिम समुदाय को देना चाहते हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सवाल किया, क्या आप कांग्रेस और उसके सहयोगियों के इस खेल को स्वीकार करते हैं? ऐसे लोगों को अपनी जमानत खोनी चाहिए या नहीं? उन्होंने कहा कि आंबेडकर ने धर्म आधारित आरक्षण का विरोध किया था।उन्होंने कहा, क्या ऐसे लोगों को हमेशा के लिए राजनीति से दूर रखा जाना चाहिए या नहीं? यह बी आर आंबेडकर को सबसे बड़ी श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस सत्ता से बाहर थी, तब आंबेडकर को भारत रत्न दिया गया था।