लोकसभा चुनाव के लिए राजद ने कई सीटों पर अपने उम्मीदवारों को सिंबल दिया है, लेकिन इसकी जानकारी कांग्रेस को नहीं है। शुक्रवार को सदाकत आश्रम में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह ने मीडिया के सवाल पर कहा कि उन्हें राजद द्वारा टिकट बांट जाने की जानकारी नहीं है। महागठबंधन के दलों के बीच बातचीत चल रही है। एक-दो दिनों में सीटों का बंटवारा फाइनल हो जाएगा। सीट बंटवारे में देरी होने से नाराजगी स्वाभाविक है।
उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के पहले भाजपा सरकारी एजेंसियों द्वारा कांग्रेस को आर्थिक रूप से पंगु बनाना चाह रही है। कांग्रेस के 11 खाते फ्रीज कर दिए गए, लेकिन जनता के सहयोग और आशीर्वाद से चुनाव में कांग्रेस को सफलता मलेगी। उन्होंने कहा कि मामला 14 लाख रुपए का था और जुर्माना 210 करोड़ लगा दिया। जबकि 10-20 हजार का जुर्माना लगाना चाहिए था। जिस पैसे को रोका जा रहा है, वह जनता द्वारा दिया गया पैसा है। यह घोर अन्याय है।
पप्पू यादव के कांग्रेस में आने से आप नाराज हैं क्या? इस सवाल पर अखिलेश प्रसाद सिंह ने मीडिया से ही पूछा कि मैंने आपके सामने नाराजगी जताई थी क्या? उन्होंने कहा कि कांग्रेस में आने वाले सभी लोगों का स्वागत है।