Wednesday 24-Jun-2026

दस साल में किया गया काम तो केवल ट्रेलर है, अभी बहुत कुछ करना है : PM मोदी

दस साल में किया गया काम तो केवल ट्रेलर है, अभी बहुत कुछ करना है : PM मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपनी सरकार के बीते दस साल के काम को महज एक 'ट्रेलर' (नमूना) बताते हुए शुक्रवार को कहा कि अभी तो बहुत कुछ करना बाकी है तथा देश को बहुत आगे लेकर जाना है। विपक्षी दलों के गठबंधन 'इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस' (इंडिया) पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा कि वे सिर्फ अपना हित देखते हैं, उन्हें गरीब, दलित, शोषित-वंचित वर्ग के कल्याण से, उनके सम्मान से कोई मतलब नहीं है। उन्होंने कहा कि सेनाओं का अपमान और देश का विभाजन कांग्रेस की पहचान है।

मोदी चुरू में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी देवेंद्र झाझड़िया के समर्थन में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने केंद्र में अपनी सरकार के दस साल के कार्यकाल की तुलना रेस्टोरेंट में मुख्य भोजन से पहले परोसे जाने वाले ऐपेटाइजर और फिल्म के ट्रेलर से की। उन्होंने कहा, ''जीवन के हर पड़ाव पर भाजपा सरकार गरीब के साथ खड़ी है। जो काम इतने दशक में नहीं हुए वे हमने दस साल में कर दिखाए। इसलिए मैं कहता हूं कि जब नीयत सही तो नतीजे सही होते हैं।''

मोदी ने कहा, दस साल में जो हुआ... लोग तो कहते हैं कि बहुत कुछ हुआ। पहले की सरकारों की तुलना में बहुत कुछ हुआ। लेकिन मोदी के मन की बात मैं आज चुरू में बता देता हूं .... जो अब तक हुआ है वह तो ट्रेलर है ट्रेलर। उन्होंने 'ऐपेटाइज़र' का जिक्र करते हुए कहा, ''ये जो मोदी ने किया है न, वह तो ऐपेटाइजर है ऐपेटाइज़र... अभी तो पूरी खाने की थाली बाकी है। बहुत कुछ करना है भाइयो। बहुत सारे सपने हैं। हमें देश को बहुत आगे लेकर जाना है।

कांग्रेस व 'इंडिया' गठबंधन पर हमला बोलते हुए मोदी ने कहा, सेनाओं का अपमान, देश का विभाजन ये कांग्रेस पार्टी की पहचान है। जब तक 'इंडी' एलायंस के लोग सत्ता में रहे उन्होंने हमारे जवानों के हाथ बांधकर रखे। दुश्मन हमला करके चला जाता था। ये हमारे जवानों को जवाब देने की इजाजत नहीं देते थे। हमारे जवान वन रैंक वन पेंशन की मांग करते थे। कांग्रेस ने इसे भी पूरा नहीं होने दिया। हमारी सरकार बनी तो हमने सैनिकों को 'वन रैंक वन पेंशन' का अधिकार भी दिया और सीमा पर पलटवार करने की खुली छूट भी दी।