नई दिल्ली, इंपैक्ट लाइव टीम।
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की मेगा नीलामी में एक करोड़ रुपये से अधिक की रकम हासिल करने वाले 13 साल के वैभव सूर्यवंशी अंडर-19 एशिया कप के पहले मुकाबले में पाकिस्तान के तेज गेंदबाजों के सामने बुरी तरह से संघर्ष करते दिखे। पाकिस्तान ने शनिवार को खेले गये इस मैच को 43 रन से जीता। दुबई अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में पाकिस्तान के कप्तान साद बेग ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया और शाहजेब खान की 159 रनों की पारी की बदौलत 50 ओवर में सात विकेट पर 281 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम 47.1 ओवर में 238 रन ही बना सकी और ऑलआउट हो गई।
इस मैच में सभी की नजरें वैभव सूर्यवंशी पर थीं, जिन्हें आईपीएल की मेगा नीलामी में राजस्थान रॉयल्स ने 1.1 करोड़ रुपये में खरीदा था। वह उनका आधार मूल्य 30 लाख रुपये था और वह अपने बेस प्राइस से लगभग चार गुना ज्यादा दाम पर बिके। आईपीएल के इतिहास में वैभव किसी भी टीम से जुड़ने वाले सबसे युवा क्रिकेट बने। लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ मैच में वह प्रभावित नहीं कर सके। उन्हें अली रजा ने पारी के पांचवें ओवर में शिकार बनाया। 13 वर्षीय बल्लेबाज ने कुल नौ गेंदें खेलीं, लेकिन सिर्फ एक रन बना सके। विकेट पर वह थोड़ा असहज दिखे और बड़े शॉट खेलने की जद्दोजहद में अपना विकेट गंवा बैठे।
इस मुकाबले में भारत के लिए निखिल कुमार ने अर्धशतकीय पारी खेली। उन्होंने 77 गेंदों का सामना किया और 67 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से चार चौके और तीन छक्के निकले। उनके अलावा आयुष म्हात्रे ने 20, सी आंद्रे सिद्धार्थ ने 15, मोहम्मद अमान ने 16, किरण चोरमले ने 20, हरवंश पंगालिया ने 26, हार्दिक राज ने 10, मोहम्मद एन्नान ने 30 और युद्धजीत गुहा ने 13* रन बनाए। वहीं, समर्थ नागराज शून्य पर आउट हुए। पाकिस्तान के लिए अली राज ने तीन विकेट लिए जबकि अब्दुल सुभां और फहाम उल हक को दो-दो विकेट मिले। इसके अलावा नावेद और उस्मान ने एक-एक सफलता अपने नाम की।
31वें ओवर में 160 के स्कोर पर पाकिस्तान की टीम को पहला झटका लगा। आयुष म्हात्रे ने उस्मान खान को निखिल कुमार के हाथों कैच कराया। वह 94 गेंद में छह चौके की मदद से 60 रन बना सके। इसके बाद 33वें ओवर में आयुष ने हारून अर्शद को आउट किया। वह तीन रन बना सके। इसके बाद समर्थ ने दो विकेट झटके। उन्होंने 44वें ओवर की तीसरी गेंद पर पहले मोहम्मद रियाजुल्लाह को हरवंश सिंह के हाथों कैच कराया। वह 27 रन बना सके। फिर अगली ही गेंद पर फरहान यूसुफ को हरवंश सिंह के हाथों कैच कराया। फरहान खाता नहीं खोल सके। किरण चोरमले ने फहम उल हक (4) को और युद्धाजीत गुहा ने कप्तान साद बेग (4) को आउट किया उमर जायब दो रन और नवीन अहमद खान पांच रन बनाकर नाबाद रहे। भारत की ओर से समर्थ नागराज ने तीन विकेट लिए, जबकि आयुष म्हात्रे को दो विकेट मिले। यद्धाजीत और किरण को एक-एक विकेट मिला।