गोपालगंज, इंपैक्ट लाइव टीम।
बिहार के गोपालगंज जिले के कुचायकोट थाना क्षेत्र के बल्थरी चेकपोस्ट पर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापामारी करते हुए 50 ग्राम रेडियोएक्टिव पदार्थ कैलीफोर्नियम जब्त किया है। जब्त किए गए पदार्थ के साथ तीन लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है। इस बारे में एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि बहुमूल्य पदार्थ की तस्करी की जा रही है। प्राप्त सूचना के आधार पर कुचायकोट थाना द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए एक टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने तत्काल छापेमारी करते हुए 50 ग्राम रेडियोएक्टिव पदार्थ कैलीफोर्नियम को जब्त किया। साथ ही तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
एसपी ने बताया है कि एक ग्राम कैलीफोर्नियम की कीमत करीब 17 करोड़ रुपए बताई जा रही है। जब्त की गई 50 ग्राम कैलीफोर्नियम की कीमत करीब 850 करोड़ रुपए बताई जा रही है। इसका इस्तेमाल न्यूक्लियर रिएक्टर से न्यूक्लियर पावर के उत्पादन और साथ ही कई गंभीर ब्रेन कैंसर जैसे बीमारियों को ठीक करने में भी होता है।
फिलहाल इसकी जांच के लिए डिपार्टमेंट ऑफ एटॉमिक एनर्जी से संपर्क साधा जा रहा है। एफएसएल की विशेष टीम पदार्थ की जांच करेगी। तस्करी, हैंडलिंग और बैकवर्ड फॉरवर्ड लिंकेज को भी खंगाला जा रहा है। वहीं गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ की जा रही है। गिरफ्तार तीनों अभियुक्तों की पहचान उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के तमकुही राज थाना क्षेत्र के परसौनी बुजुर्ग गांव निवासी स्वर्गीय चंद्रदेव प्रसाद के 40 वर्षीय बेटा छोटे लाल प्रसाद, नगर थाना क्षेत्र के कौशल्या चौक वार्ड नंबर 22 निवासी योगेंद्र साह के 40 वर्षीय बेटा चंदन गुप्ता और महमदपुर थाना क्षेत्र के कुशहर मठिया निवासी हरेंद्र राम के 28 वर्षीय बेटा चंदन राम के रूप में की गई है।
एसपी ने बताया कि कई महीनों से तस्कर इस पदार्थ को बेचने की कोशिश में था। रेडियोएक्टिव पदार्थ की हैंडलिंग और अग्रतर जांच के लिए एफएसएल की विशेष टीम को बुलाया गया है। उन्होंने बताया कि उक्त पदार्थ का टेस्ट लैब रिपोर्ट है। आईआईटी मद्रास में टेस्ट हुआ है, पांडिचेरी के न्यूक्लियर पावर कंपनी है। पुलिस ने पांडिचेरी पुलिस से भी संपर्क साधा है। एसपी ने बताया कि गिरफ्तार तस्कर के पास बरामद सर्टिफिकेट के बारे में आईआईटी मद्रास के प्रोफेसर एस मोहन से बात की गई तो उन्होंने इस सर्टिफिकेट को फेक बताया है। साथ ही कंपनी से सम्पर्क साधने का प्रयास किया जा रहा है।
बता दें कि कैलिफोर्नियम एक बेहद महंगा रेडियोएक्टिव पदार्थ है। भारत में आम आदमी इसको खरीद या बेच नहीं सकता है। कैलिफोर्नियम धातु का प्रतीक सीएफ और परमाणु संख्या 98 है। यह प्राकृतिक नहीं है, बल्कि अमेरिका की एक लैब में सिंथेसाइज किया गया था। ट्रांसयूरेनियम एमिलमेंट्स में से एक कैलिफोर्नियम एक चांदी के रंग जैसी धातु होती है। यह पदार्थ करीब 900 डिग्री सेल्सियस पर पिघलता है। यह शुद्ध रूप में इतना मुलायम होता है कि इसे नार्मल ब्लेड से आसानी से काटा जा सकता है। यह पदार्थ उन ट्रांसयूरेनियम एमिलमेंट्स में से एक है, जिन्हें इतनी मात्रा में बनाया गया है कि उन्हें खुली आंखों से देखा जा सके।