Monday 27-Jul-2026

लोगों से उगाही करने वाला फर्जी दारोगा गिरफ्तार, धौंस जमाकर दुकानदारों से लिए हजारों रुपये

लोगों से उगाही करने वाला फर्जी दारोगा गिरफ्तार, धौंस जमाकर दुकानदारों से लिए हजारों रुपये

पटना, इंपैक्ट लाइव टीम।

रामकृष्णा नगर पुलिस ने लोगों से उगाही करने वाले एक फर्जी दारोगा को गिरफ्तार किया है। वह खुद को एजी कार्यालय में तैनात बताता था। आरोपित पुलिस की धौंस जमा इलाके के दुकानदार व अन्य लोगों से हजारों रुपये ले चुका है। स्थानीय लोगों की शिकायत पर रविवार की शाम पुलिस ने फर्जी दारोगा को उसके किराए के मकान से दबोचा। आरोपित का नाम अरविंद कुमार पासवान उर्फ विपुल पासवान है। वह अपना मूल निवास कभी दरभंगा तो कभी सिवान बता रहा था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

सदर डीएसपी टू सत्यकाम ने बताया कि जांच में स्पष्ट हो गया है कि गिरफ्तार व्यक्ति दारोगा नहीं है। उसके द्वारा बताई जा रही अन्य जानकारी का सत्यापन किया जा रहा है। फर्जी दारोगा बीते छह महीने से रामकृष्णा नगर के सोरंगपुर में दुर्गा यादव के मकान में रह रहा था। मकान लेते समय उसने मालिक को खुद की तैनाती वीरचंद पटेल मार्ग स्थित एजी कार्यालय में बताई थी। वह पुलिस की वर्दी में पूरी ठसक के साथ निकला था और शाम को घर लौट आता था। स्थानीय लोगों ने बताया कि अरविंद कुमार पासवान वर्दी की धौंस दिखाकर इलाके के दुकानदार और ठेला वालों से उगाही करता था। यही नहीं वह कभी लोगों से मोबाइल बेचने तो कभी अपनी बाइक बेचने के नाम पर हजारों रुपये ले लेता था। लेकिन सामान नहीं देता था। बावजूद इसके पीड़ित उसके खौफ से कुछ नहीं बोलते थे।

Advertisement

impact add3

Advertisement

impact add5