पटना :- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में सदी का सबसे बड़ा आयोजन महाकुम्भ चल रहा है। बिहार से भी बहुत अधिक संख्या में लोग महाकुम्भ जा रहे हैं। माघ पूर्णिमा के दिन गंगा स्नान और महाकुम्भ में अमृत स्नान का विशेष महत्व है जिसके कारण प्रयागराज जाने वाले लोगों की भीड़ पटना जंक्शन समेत बिहार के कई प्रमुख रेलवे स्टेशन पर भीड़ उमड़ रही है। सूत्रों के अनुसार पटना जंक्शन से प्रतिदिन लगभग 60 हजार से ज्यादा लोग प्रयागराज जा रहे हैं। प्रयागराज जाने वालीं नियमित ट्रेनों के अलावा कुम्भ स्पेशल ट्रेनों में भी इतनी भीड़ है की पैर रखने तक की जगह नहीं है। बुधवार को भी प्रयागराज जाने के लिए बिहार के पटना जंक्शन पर काफी ज्यादा भीड़ देखने को मिली। यात्री ट्रेनों में चढ़ने के लिए अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं और सीट पाने के लिए उन्हें काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। इस दौरान पटना जंक्शन पर चार महिलाएं बेहोश होकर गिर पड़ी।
बेहोश होकर गिरी चार महिलाएं।
पटना जंक्शन पर ट्रेनों में चढने के लिए लोग अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं और सीट पाने के लिए काफी मुसीबत और फ़जीहत का सामना करना पड़ रहा है। सारे के सारे प्लेटफार्म यात्रियों से खचाखच भरे हैं। बुधवार की दोपहर को जैसे ही कामाख्या- दिल्ली ब्राह्मपुत्र मेल प्लेटफार्म पर आकर लगी तो लोगों की ट्रेन में चढने के लिए महामशक्कत शुरू हो गयी। हजारों की संख्या में लोग ट्रेन में चढ़ने और उतरने के लिए धक्का-मुक्की शुरू कर दी। इसी दौरान ट्रेन में चढने के क्रम में चार महिलाएं बेहोश होकर वहीं पर गिर पड़ी जिन्हें वहां मौजूद जीआरपी के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए महिलाओं को उठाकर प्लेटफार्म पर बैठाया और लोगों ने बेहोश महिलाओं के चेहरे पर पानी छिड़क कर होश में लाया।
आपातकालीन खिड़की से यात्रियों ने की घुसने की कोशिश।
रेलवे प्रशासन के उम्मीद के मुताबिक माघ पूर्णिमा को लेकर महाकुम्भ में अमृत स्नान के लिए जो भीड़ मंगलवार की रात उमड़ी थी वो बुधवार को कम हो जाएगी। लेकिन रेलवे प्रशासन का अनुमान गलत निकला और भीड़ नहीं घटी। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का हुजूम स्टेशन पर जमा हो गया। जैसे ही प्लेटफार्म पर ट्रेन लगी यात्रियों का सैलाब ट्रेन में चढने के लिए टूट पड़ा। लोग जान जोखिम में डालकर ट्रेन में चढ़ने की कोशिश करते दिखे। ट्रेन के जनरल, स्लीपर और एसी हर डिब्बे में लोग चढने लगे। कोई ट्रेन के शौचालय में खड़ा दिखा तो कोई आपातकालीन खिड़की से घुसने के प्रयास करते दिखे। हर कोई सफर करने की जद्दोजहद में दिखा। आरक्षण वाले भी यात्री ट्रेन में चढने के लिए काफी मुसीबतों का सामना करना पड़ा और कई यात्री अपनी आरक्षित सीट तक पहुंचने में असमर्थ दिखे।
राजधानी एक्सप्रेस में जनसैलाब।
प्राप्त जानकरी के अनुसार मंगलवार को भी पटना जंक्शन पर भी कुछ ऐसे ही हालात थे। कई प्रीमियम ट्रेनों का भी यही हाल था। पटना जंक्शन के प्लेटफार्म पर जैसे ही विक्रमशिला, सम्पूर्ण क्रांति और राजधानी एक्सप्रेस आकर लगी तो उसमे भी चढ़ने के लिए लोगों को काफी मशक्कत का सामना करना पड़ा। राजधानी एक्सप्रेस में भी बिना आरक्षण वाले यात्री भी यात्रा करते दिखे। इस दौरान अफरातफरी की स्थिति बन रही है ।