दानापुर मंडल के 100 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित शताब्दी समारोह में एक भव्य लेजर शो का आयोजन किया गया। दानापुर ( पहले दीनापुर) मंडल की स्थापना 1 जनवरी,1925 को हुई थी।
यह कार्यक्रम पूर्व मध्य रेलवे के दानापुर मंडल के जगजीवन स्टेडियम में हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में रेलवे कर्मचारी, अधिकारी और स्थानीय लोग शामिल हुए। शो की शुरुआत दानापुर मंडल की स्थापना और इसकी ऐतिहासिक उपलब्धियों को दर्शाने से हुई। इसमें रेलवे के विकास, यात्री सुविधाओं में सुधार और तकनीकी उन्नति पर खास ध्यान दिया गया।
इस शानदार कार्यक्रम में डी.आर. एम जयंत चौधरी, ए.डी.आर.एम आधार राज और कई वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। डी.आर.एम जयंत चौधरी ने कहा, "यह शो सिर्फ मंडल की उपलब्धियों का उत्सव नहीं है, बल्कि यह आने वाले समय में रेलवे के विकास की दिशा को भी दर्शाता है। रेलवे की सफलता सिर्फ आंकड़ों में नहीं, बल्कि यात्रियों की सेवा और उनके बेहतर अनुभव में भी है।"
ए.डी.आर.एम आधार राज ने कहा कि, "लेजर शो ने दानापुर मंडल के इतिहास को बहुत ही सुंदर तरीके से दिखाया। यह शो न केवल हमारे गौरवशाली अतीत की झलक देता है, बल्कि भविष्य की योजनाओं की भी एक स्पष्ट तस्वीर पेश करता है।"
लेजर शो में रेलवे के 100 सालों के सफर को खूबसूरती से पेश किया गया। यह दिखाया गया कि कैसे दानापुर मंडल ने शुरुआत से अब तक कई चुनौतियों को पार करते हुए प्रगति की है। पहले के समय में जब सुविधाएं सीमित थीं, तब यात्रियों को सफर में कई परेशानियों का सामना करना पड़ता था। लेकिन जैसे-जैसे समय बदला, रेलवे ने भी आधुनिक तकनीकों को अपनाया और सुविधाओं में सुधार किया।
आज दानापुर मंडल न केवल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं दे रहा है, बल्कि माल परिवहन में भी एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इस शो में रेलवे स्टेशनों के नए ट्रेन रूट्स, डिजिटल टिकटिंग सिस्टम और तेज रफ्तार ट्रेनों के विकास को भी दिखाया गया,
शो के दौरान रेलवे के आने वाले प्रोजेक्ट्स और योजनाओं पर भी बातचीत की गई। इसमें नई ट्रेनों का संचालन, रेलवे ट्रैक के विस्तार और आधुनिक सिग्नलिंग सिस्टम को लागू करने की योजनाएं शामिल हैं। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि आने वाले समय में यात्रियों की सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए कई बड़े कदम उठाए जाएंगे।
इस शानदार लेजर शो ने वहां मौजूद सभी लोगों का दिल जीत लिया। रेलवे कर्मचारियों और अधिकारियों के साथ-साथ स्थानीय लोगों ने भी इस आयोजन की सराहना की। यह शो न केवल रेलवे की उपलब्धियों को दिखाने के लिए था, बल्कि यह भविष्य के विकास के लिए भी एक प्रेरणा बन गया।