Sunday 14-Dec-2025

बेलागंज में चुनाव से एक दिन पहले आरजेडी नेता गिरफ्तार, घर-घर जाकर बांट रहे थे रुपये

बेलागंज में चुनाव से एक दिन पहले आरजेडी नेता गिरफ्तार, घर-घर जाकर बांट रहे थे रुपये

गया, इंपैक्ट लाइव टीम।

बिहार के गया जिला अंतर्गत बेलागंज विधानसभा क्षेत्र में बुधवार, 13 नवंबर को उपचुनाव होना है। चुनाव के ठीक एक दिन पहले आरजेडी नेता को रुपए बांटते हुए गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरजेडी नेता गोविंद यादव कोईरी बीघा गांव में लोगों के बीच घर-घर में जाकर रुपये बांट रहा था। राजद प्रत्याशी के पक्ष में वोट करने के लिए रुपए बांटे जा रहे थे। इसका कुछ लोगों ने विरोध किया। वहीं पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही मेन थाने की पुलिस मौके पर पहुंची, तो दो लोग भाग निकले। बाइक से दोनों भाग निकले। वहीं एक व्यक्ति को मौके से पकड़ लिया गया। गिरफ्तार व्यक्ति से पूछताछ की जा रही है। उसके पास से 200-200 रुपए के 20 लिफाफे बरामद किए गए हैं।

इस संबंध में मेन थानाध्यक्ष आलोक रंजन ने बताया है कि एफएसटी की टीम को बुलाया गया है। एक व्यक्ति गोविंद यादव को 20 लिफाफे के साथ पकड़ा गया है। 200-200 रुपए के लिफाफे हैं। इनके द्वारा वोट देने के लिए पैसे बांटे जा रहे थे। यह राजद के नेता हैं। मामले में कार्रवाई हो रही है। इसके बाद मामले में आगे की कार्रवाई को और बढ़ाया जाएगा।

गिरफ्तार गोविंद यादव मकसूदपुर गांव का रहने वाला है। यह बेलागंज विधानसभा अंतर्गत कोरमत्थू पंचायत का पंचायत अध्यक्ष बताया जाता है। पुलिस यह जानकारी जुटा रही है कि इसे रुपए बांटने के लिए किसने दिए, इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं। वही, गिरफ्तार राजद नेता ने बताया है कि उसे सिर्फ साथ में लाया गया था। रुपए बांटने वाले दो अन्य लोग हैं।

गौरतलब है कि 35 सालों से बेलागंज विधानसभा से जीतने वाले पूर्व मंत्री सुरेंद्र यादव के पुत्र विश्वनाथ सिंह राजद के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। इस बार लड़ाई काफी टक्कर की मानी जा रही है। जदयू की प्रत्याशी के रूप में मनोरमा देवी हैं। वही, जनसुराज के प्रत्याशी के रूप में मोहम्मद अमजद हैं।

Advertisement

impact add2

Advertisement

impact add2