कैमूर, इंपैक्ट लाइव टीम।
कैमूर जिले के भगवानपुर प्रखंड के सरैयां गांव में स्थित प्लस टू विद्यालय में घुसकर वहां के शिक्षकों के साथ बदमाशों द्वारा मंगलवार को मारपीट की गई। बदमाशों की पिटाई से शिक्षक नंदलाल कुमार, प्रशांत पांडेय, ब्रजेश उपाध्याय, मनोज दुबे घायल हुए हैं। इस संबंध में पूछने पर अपर थानाध्यक्ष रंजय कुमार ने बताया कि सरैयां प्लस टू विद्यालय के शिक्षकों के साथ मारपीट की घटना की जानकारी हुई है। लेकिन, इस संबंध में थाने में किसी ने अभी तक आवेदन नहीं दिया है। आवेदन मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
मारपीट की घटना की सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो रहा है, बदमाशों द्वारा शिक्षकों के साथ मारपीट करते देखा जा सकता है। हालांकि इस तरह के किसी वीडियो की पुष्टि इंपैक्ट लाइव नहीं करता है। घायल शिक्षक यहां के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज भी नहीं कराए हैं। वह किसी निजी अस्पताल में मरहम-पट्टी कराने के बाद दवा लेकर चले गए हैं। घटना के कारणों के बारे में भी कुछ पता नहीं चल रहा है। इस मुद्दे पर शिक्षक भी कुछ बोलने के लिए तैयार नहीं हैं। इस घटना के बारे में माध्यमिक शिक्षा डीपीओ अक्षय कुमार पांडेय को भी शिक्षकों द्वारा कोई जानकारी नहीं दी गई है।
भभुआ में शिक्षक ने छात्र को डांटा तो ग्रामीणों ने कर दी ऑन ड्यूटी शिक्षक की पिटाई। pic.twitter.com/JVIcJ6D3kh
— Educators of Bihar (@BiharTeacherCan) September 11, 2024
प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी प्रेमशंकर झा ने बताया कि मंगलवार को मारपीट की घटना हुई थी। एक शिक्षक अपनी कक्षा में बच्चों को पढ़ा रहे थे। एक छात्र पढ़ाई को प्रभावित कर रहा था। शिक्षक ने उस बच्चे को कक्षा से बाहर कर दिए। वह अपने घर गया और अभिभावकों को लेकर स्कूल आया। बच्चे के अभिभावकों ने शिक्षकों के साथ मारपीट की। दोनों पक्षों से बातचीत कर मामले को सुलझा दिया गया है।