Monday 08-Dec-2025

मां के श्राद्ध में बार बालाओं का डांस, फिर हर्ष फायरिंग; सिर में गोली लगने से युवक की मौत

मां के श्राद्ध में बार बालाओं का डांस, फिर हर्ष फायरिंग; सिर में गोली लगने से युवक की मौत

नालंदा, इंपैक्ट लाइव टीम।

बिहार में राज्य सरकार के रोक के बावजूद लगातार हर्ष फायरिंग की खबरें सामने आ रही हैं। ताजा मामला नालंदा जिले का है, जहां बीती श्राद्ध कर्म में बार बालाओं के डांस का आयोजन किया गया, जिसमें एक युवक की गोली लगने से मौत हो गई है। मृतक की पहचान चिकसौरा थाना क्षेत्र भवानी बिगहा गांव निवासी प्रमोद प्रसाद के 18 वर्षीय पुत्र आशीर्वाद कुमार के रूप में की गई है। घटना की सूचना पाकर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

जानकारी के अनुसार करायपरसुराय थाना क्षेत्र के मखदूमपुर गांव निवासी अशोक प्रसाद की मां के श्राद्ध कर्म में बार बालाओं का डांस कार्यक्रम चल रहा था। इस दौरान गांव का ही एक युवक अवैध हथियार लेकर बार बालाओं के साथ स्टेज पर डांसने करने लगा। इस दौरान उसने अंधाधुंध हर्ष फायरिंग की लेकिन स्थानीय प्रशासन को न तो कार्यक्रम की भनक लगी न ही रात भर हो रही हर्ष फायरिंग की आवाज सुनाई दी।

impact add3

बताया गया है कि अवैध हथियार से की गई हर्ष फायरिंग के दौरान एक गोली युवक के सिर में जा लगी। गंभीर हालत में युवक को इलाज के लिए पीएचसी करायपरसुराय में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के क्रम में डॉक्टर ने युवक को मृत घोषित कर दिया। मृतक घर का इकलौता चिराग था, जो इंटर का छात्र था। मृतक युवक डांस के दौरान मोबाइल से वीडियो और सेल्फी ले रहा था। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने पीएचसी पहुंच शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

हिलसा डीएसपी सुमित कुमार ने बताया कि सूचना मिली कि एक युवक को गोली लगने के बाद अस्पताल लाया गया है। बीती रात श्राद्ध कर्म में बार बालाओं के डांस का आयोजन किया गया, जिसमें एक युवक की गोली लगने से इलाज के क्रम में मौत हो गई है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Advertisement

impact add2

Advertisement

impact add5