Sunday 14-Jun-2026

कश्मीर में आतंकियों ने की अंधाधुंध फायरिंग, बिहार के 3 मजदूरों समेत 7 लोगों को मौत के घाट उतारा

कश्मीर में आतंकियों ने की अंधाधुंध फायरिंग, बिहार के 3 मजदूरों समेत 7 लोगों को मौत के घाट उतारा

श्रीनगर, इंपैक्ट लाइव टीम

जम्मू-कश्मीर के गांदरबल जिले में श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक सुरंग निर्माण स्थल पर आतंकवादी हमले में एक डॉक्टर और छह श्रमिकों की मौत हो गई। इनमें तीन श्रमिक बिहार के रहने वाले हैं। हमले में पांच श्रमिक घायल हुए हैं। घायलों में एक इंदर यादव बिहार का रहने वाला है।

अधिकारियों ने बताया कि जिले के गुंड इलाके में एक सुरंग परियोजना पर कार्यरत मजदूर एवं अन्य कर्मी देर शाम जब अपने शिविर में लौटे तब अज्ञात आतंकवादियों ने उन पर हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि आतंकवादियों ने मजदूरों के समूह पर अंधाधुंध गोलीबारी की, जिसमें स्थानीय और बाहरी लोग दोनों शामिल थे। माना जाता है कि आंतकवादियों की संख्या कम से कम दो थी।

अधिकारियों ने बताया कि दो श्रमिकों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि चार अन्य घायल श्रमिकों और एक डॉक्टर ने बाद में दम तोड़ दिया। उन्होंने बताया कि पांच घायलों का इलाज जारी है। उन्होंने बताया कि सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी की है और हमलावरों की तलाश के लिए तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। इस बीच, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।

दो दिन पहले भी की थी हत्या
जम्मू कश्मीर में आतंकियों ने शुक्रवार को भी एक प्रवासी श्रमिक की गोली मारकर हत्या कर दी थी। बिहार के बांका के रहनेवाले मजदूर का गोलियों से छलनी शव मिला था।

इस जघन्य कृत्य में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। आतंकियों को हमारे सुरक्षा बलों की ओर से कड़ा जवाब दिया जाएगा। मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं।
-अमित शाह, केंद्रीय गृहमंत्री

Advertisement

impact add3

Advertisement

impact add4