Thursday 19-Feb-2026

देहरादून में भीषण सड़क हादसा, कंटेनर और इनोवा की भिड़ंत; 6 लोगों की मौत

देहरादून में भीषण सड़क हादसा, कंटेनर और इनोवा की भिड़ंत; 6 लोगों की मौत

देहरादून, इंपैक्ट लाइव टीम।

उत्तराखंड के देहरादून में सोमवार और मंगलवार की मध्य रात्रि में एक कंटेनर और कार की भिड़ंत हो गई,जिसमें कार सवार तीन युवक और तीन युवतियों सहित कुल छह लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद पहुंची पुलिस ने कार में फंसे शवों को बहुत मुश्किल से बाहर निकाला।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय सिंह ने मंगलवार को बताया कि महानगर में ओएनजीसी चौक के पास वाहन दुर्घटना की सूचना थाना कैंट को मिली। तुरंत ही मौके पर पहुंचे पुलिस बल को एक कंटेनर व एक इनोवा गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त मिली। उन्होंने बताया कि कंटेनर के पिछले हिस्से में यह कार टकराई हुई, पूरी तरह से क्षतिग्रस्त मिली। जिसमें कुल 7 लोग सवार थे, जिनमें से 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक व्यक्ति घायल अवस्था में मौके पर मिला। उन्होंने बताया कि मौके पर सभी मृत 6 व्यक्तियों को 108 के माध्यम से कोरोनेशन, दून तथा इंद्रेश अस्पताल की मोर्चरी भेजा गया है। जबकि गंभीर स्थिति में घायल व्यक्ति को सिनर्जी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती किया गया है।

एसएसपी ने बताया कि उक्त कंटेनर किशन नगर चौक की ओर से आ रहा था तथा इनोवा बल्लूपुर चौक की ओर से देहरादून की ओर आ रही थी। किशन नगर चौक के पास कंटेनर की क्रासिंग के दौरान, इनोवा वाहन चालक स्पीड से अंदाजा नहीं लगा पाया तथा उन्हें लगा कि कंटेनर पूरा निकलने के बाद वे आराम से क्रॉस हो जायेंगे। इसी जल्दबाजी में इंनोवा वाहन क्रासिंग के दौरान, कंटेनर के पिछले हिस्से से टकरा गया। उन्होंने बताया कि प्रथमदृष्टया ओवरस्पीडिंग के कारण उक्त हादसा होना प्रतीत हो रहा है।

एसएसपी ने युवाओं से अपील की है कि किशन नगर चौक पर हुए उक्त दर्दनाक हादसे में 6 युवाओं के मृत्यु हो गई। वे युवा, जो हमारे देश का उज्जवल भविष्य हैं, उनका असमय इस प्रकार के हादसों में चले जाना हम सबके लिए बेहद दुःखद है। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में दून पुलिस परिवार, मृतकों के परिजनों के साथ है। उन्होंने कहा कि हादसे की वजह प्रथमदृष्टया ओवर स्पीडिंग का होना प्रतीत हो रहा है। दून पुलिस की सभी युवाओं से अपील है कि कृपया जोश में वाहन को तेज गति से ना चलाएं। आपका जीवन आपके परिजनों के साथ-साथ देश के लिए भी महत्वपूर्ण है।

Advertisement

impact add4

Advertisement

impact add3