कासरगोड, इंपैक्ट लाइव टीम।
केरल के कासरगोड में नीलेश्वर के अंजुताम्बलम वीरारकावु मंदिर में मंगलवार तड़के वार्षिक थेय्यम उत्सव के दौरान आतिशबाजी भंडारण क्षेत्र में हुए भीषण विस्फोट में लगभग 154 लोग झुलस गए। कासरगोड के कलेक्टर इंबासेकर के. ने बताया कि त्योहार के लिए रखे गए पटाखों में विस्फोट हो गया और कई लोग घायल हो गए। उन्होंने बताया कि 154 लोगों में से 97 को अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जिनमें से आठ लोग 80 प्रतिशत से अधिक झुलस गए हैं। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।
सूत्रों ने बताया कि 16 लोगों को कान्हानगढ़ जिला अस्पताल में, 10 लोगों को मावुंगल संजीवनी अस्पताल में, 10 लोगों को कन्नूर के परियाराम मेडिकल कॉलेज अस्पताल में, 17 लोगों को कान्हानगढ़ ऐशल अस्पताल में , तीन लोगों को कान्हानगढ़ अरिमला अस्पताल में , 18 लोगों को मिम्स अस्पताल कन्नूर में, 18 लोगों को मैंगलोर एजे मेडिकल कॉलेज में और शेष लोगों को कासरगोड जिले के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती किया गया है।
केरल कासरगोड में वार्षिक धार्मिक उत्सव आयोजन के दौरान आतिशबाजी के दौरान हुआ धमाका, 150 घायल कई लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही हैं!pic.twitter.com/kkF3E8R1iQ
— Vandana Sonkar (@Vndnason) October 29, 2024
जानकारी के अनुसार, पुलिस को संदेह है कि वीरकावु मंदिर के पास आतिशबाजी स्टोरेज में आग लगने के बाद यह दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना हुई। हादसे के बाद मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया। आतिशाबाजी के गोदाम में आग कैसे लगी इसका तो पता नहीं चल सका है। चिंताजनक स्थिति को देखते हुए कलेक्टर और जिला पुलिस प्रमुख सहित जिला प्रशासन के शीर्ष अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं। उन्होंने प्रभावितों को राहत पहुंचाने के लिए तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए।