Thursday 19-Feb-2026

कैलाश गहलोत ने AAP से दिया इस्तीफा, अरविंद केजरीवाल को लेटर लिखकर कारण भी बताया

कैलाश गहलोत ने AAP से दिया इस्तीफा, अरविंद केजरीवाल को लेटर लिखकर कारण भी बताया

नई दिल्ली, इंपैक्ट लाइव टीम।

दिल्ली के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने मंत्रिमंडल एवं आम आदमी पार्टी (आप) की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। गहलोत ने इस संबंध में पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को एक चिट्ठी भी लिखी है। उन्होंने पत्र में इस्तीफा देने की वजह लोगों से किए गए वादों को पूरा नहीं करना बताया है।

उन्होंने पत्र में लिखा है कि शीशमहल जैसे कई शर्मनाक और अजीबोगरीब विवाद हैं जो अब सभी को संदेह में डाल रहे हैं कि क्या हम अभी भी आम आदमी होने में विश्वास करते हैं। उन्होंने कहा अगर दिल्ली सरकार अपना अधिकांश समय केंद्र से लड़ने में बिताती है तो दिल्ली के लिए वास्तविक प्रगति नहीं हो सकती। मेरे पास आप से अलग होने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है और इसलिए मैं आम आदमी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे रहा हूं।

कैलाश गहलोत ने लिखा कि अरविंद केजरीवाल जी, मैं आपको सबसे पहले एक विधायक और एक मंत्री के रूप में दिल्ली के लोगों की सेवा करने और उनका प्रतिनिधित्व करने का सम्मान देने के लिए ईमानदारी से धन्यवाद देना चाहता हूं। हालांकि, साथ ही मैं यह भी बताना चाहता हूं कि आज आम आदमी पार्टी के सामने गंभीर चुनौतियां हैं। अंदरूनी चुनौतियां, उन्हीं मूल्यों के सामने जो हमें आप में लेकर आए। राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं ने लोगों के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को पीछे छोड़ दिया है, जिससे कई वादे अधूरे रह गए हैं।

impact add1

गहलोत ने आगे लिखा कि हमने यमुना को स्वच्छ नदी में बदलने का वादा किया था, लेकिन ऐसा नहीं कर पाए। यमुना अब शायद पहले से भी ज्यादा प्रदूषित हो गई है। इसके अलावा, अब 'शीशमहल' जैसे कई शर्मनाक और अजीब विवाद भी हैं, जो अब सभी को संदेह में डाल रहे हैं कि क्या हम अभी भी आम आदमी होने पर विश्वास करते हैं? चिट्ठी में लिखा है कि एक और दुखद बात यह है कि लोगों के अधिकारों के लिए लड़ने के बजाय हम केवल अपने राजनीतिक एजेंडे के लिए लड़ रहे हैं। इसने दिल्ली के लोगों को बुनियादी सेवाएं देने की हमारी क्षमता को भी गंभीर रूप से कमजोर कर दिया है। अब यह स्पष्ट है कि अगर दिल्ली सरकार अपना ज्यादातर समय केंद्र से लड़ने में बिताती है, तो दिल्ली के लिए वास्तविक प्रगति नहीं हो सकती।

कैलाश गहलोत ने अपने इस्तीफे की घोषणा करते हुए कहा कि उनकी राजनीतिक यात्रा दिल्ली के लोगों की सेवा करने की प्रतिबद्धता के साथ शुरू हुई थी और वह इस मिशन को जारी रखना चाहते हैं। इस वजह से मेरे पास आप से अलग होने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा। इसलिए मैं आम आदमी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे रहा हूं। गहलोत ने आप नेतृत्व को उनके स्वास्थ्य और भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दीं। साथ ही अपने पार्टी सहयोगियों और शुभचिंतकों को उनके कार्यकाल के दौरान उनके समर्थन के लिए धन्यवाद दिया।

Advertisement

impact add4

Advertisement

impact add3