Sunday 08-Nov-2026

PM मोदी को मिला गुयाना, डोमिनिका सर्वोच्च नागरिक सम्मान

PM मोदी को मिला गुयाना, डोमिनिका सर्वोच्च नागरिक सम्मान

नई दिल्ली, इंपैक्ट लाइव टीम।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बुधवार को दो कैरेबियाई देशों गुयाना और डोमिनिका ने अपने अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित किया। यह पहला अवसर है जब भारत के प्रधानमंत्री को दो देशों द्वारा एक ही दिन अपने-अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मान से नवाजा गया है। स्टेट हाउस में आयोजित एक समारोह में गुयाना के राष्ट्रपति डॉ. मोहम्मद इरफ़ान अली ने प्रधानमंत्री श्री मोदी को उनकी दूरदर्शी प्रतिभा और वैश्विक मंच पर विकासशील देशों के अधिकारों की वकालत करने के लिए, वैश्विक समुदाय के लिए असाधारण सेवा के लिए और भारत-गुयाना संबंधों को मजबूत करने की उनकी प्रतिबद्धता के लिए गुयाना के सर्वोच्च राष्ट्रीय पुरस्कार,'द ऑर्डर ऑफ एक्सीलेंस' से सम्मानित किया।

पुरस्कार स्वीकार करते समय प्रधानमंत्री ने इस सम्मान को भारत के लोगों और दोनों देशों के लोगों के बीच गहरे ऐतिहासिक संबंधों को समर्पित किया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि उनकी राजकीय यात्रा भारत-गुयाना मित्रता को गहरा करने की दिशा में भारत की निरंतर प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुयाना के सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त करने वाले चौथे विदेशी नेता हैं। बाद में दूसरे भारत-कैरीकॉम शिखर सम्मेलन के मौके पर आयोजित एक कार्यक्रम में डोमिनिका के राष्ट्रपति सिल्वेनी बर्टन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके राजनीतिक राजनय, कोविड 19 महामारी के दौरान डोमिनिका को समर्थन तथा भारत और डोमिनिका के संबंधों को मजबूत करने की उनकी प्रतिबद्धता के लिए सर्वोच्च राष्ट्रीय पुरस्कार 'डोमिनिका अवार्ड ऑफ ऑनर' से सम्मानित किया।

इस अवसर पर डोमिनिका के प्रधानमंत्री रूजवेल्ट स्केरिट भी उपस्थित थे। गुयाना के राष्ट्रपति डॉ. इरफ़ान अली, बारबाडोस के प्रधानमंत्री मिया अमोर मोटली, ग्रेनेडा के प्रधान मंत्री डिकॉन मिशेल, सेंट लूसिया के प्रधानमंत्री फिलिप जे. पियरे, तथा एंटीगुआ एवं बारबुडा के प्रधानमंत्री गैस्टन ब्राउन भी पुरस्कार समारोह में उपस्थित थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस सम्मान को भारत के लोगों और भारत और डोमिनिका के बीच गहरे ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंधों को समर्पित किया। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंध बढ़ते और गहरे होते रहेंगे।

impact add1

Advertisement

impact add1

Advertisement

impact add5