गढ़वा, इंपैक्ट लाइव रिपोर्टर।
झारखंड के गढ़वा में मंगलवार को हुए एक सड़क हादसे में दो स्कूली बच्चों की मौत हो गई, जबकि 6 बच्चे गंभाीर रूप से घायल हो गए। सभी घायल बच्चों को इलाज के लिए गढ़वा के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं हादसे की बाद आक्रोशित लोगों ने जमकर बवाल किया। घटना में शामिल पिकअप वैन को आग के हवाले कर दिया। इतना ही नहीं सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम पर गुस्साई भीड़ ने पत्थर फेंका। मौके पर आला अधिकारियों के अलावा भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात है। अंतिम समाचार मिलने तक मौके पर तनाव की स्थिति बनी हुई है।
आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे अग्निशमन के कर्मचारी को ग्रामीणों ने रोक दिया। इस दौरान पुलिस के साथ ग्रामीणों की नोकझोंक भी हुई। गढ़वा एसपी दीपक कुमार पांडेय ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सड़क हादसे में दो स्कूली बच्चों की मौत हुई है और ग्रामीणों ने पिकअप में आग लगाई है।
दरअसल, गढ़वा से छुट्टी होने के बाद स्कूली बच्चे ऑटो से घर जा रहे थे। ऑटो पर एक दर्जन के करीब बच्चे सवार थे। गढ़वा सदर थाना क्षेत्र के जाटा में बाईपास रोड पर एक पिकअप ने ऑटो में टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में दो स्कूली बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि छह गंभीर रूप से जख्मी हो गए।