Saturday 13-Jun-2026

नालंदा में करंट से 3 की मौत, भांजे को बचाने में गई दोनों भाइयों की जान

नालंदा में करंट से 3 की मौत, भांजे को बचाने में गई दोनों भाइयों की जान

नालंदा जिले के कतरीसराय थाना क्षेत्र की बिलारी पंचायत के ताराबिगहा गांव में शनिवार को करंट से दो सहोदर भाइयों व उनके भांजे की मौत हो गयी। मृतक ताराबिगहा गांव निवासी उमेश राम के 30 वर्षीय पुत्र पंकज कुमार, छोटा भाई 26 वर्षीय अजय कुमार उर्फ मिठू और उनका भांजा पावापुरी ओपी क्षेत्र के लखाचक गांव निवासी पिंटू राम का 12 वर्षीय पुत्र गुलशन कुमार थे। भांजे को बचाने के चक्कर में दोनों भाइयों की जान चली गयी।

दरअसल, 23 अप्रैल को पंकज की भतीजी की शादी थी। गुलशन अपनी मां के साथ शादी समारोह में भाग लेने ननिहाल गया था। शनिवार को वह शौच के लिए घर के पीछे के तालाब की ओर गया। तालाब के चारों ओर करंट प्रवाहित नंगा तार बिछा था। करंट की चपेट में आकर गुलशन तालाब में डूब गया। शोर सुनकर दोनों भाई उसे बचाने के लिए तालाब के पास गये तो वे भी करंट की चपेट में आ गये। तालाब से निकालकर उन्हें पावापुरी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। वहां चिकित्सक ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर सुनकर परिवार की दो महिलाएं बीमार हो गयीं। उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

हादसे से नाराज लोगों ने वादी मोड़ के पास दो घंटे तक एसएच 71, गिरियक-शाहपुर मार्ग को जाम कर दिया। सूचना पाकर पहुंचे एसडीओ कुमार ओमकेश्वर व डीएसपी प्रदीप कुमार ने लोगों को समझाकर जाम हटवाया। परिजनों के आवेदन पर तालाब के मालिक नवादा जिले के वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के खीरभोजना गांव निवासी प्रमोद महतो व उसके पुत्र गुलशन कुमार के खिलाफ एफआईआर की गयी है। एसडीओ ने मृतकों को चार-चार लाख रुपये मुआवजा दिये जाने का आश्वासन दिया है। डीएसपी ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।