नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने आरोप लगाया कि दो चरण के चुनाव के बाद एनडीए के लोग अवसाद में हैं। शनिवार को सोशल मीडिया एक्स पर ट्वीट कर उन्होंने कहा कि देश के किसान, नौजवान, महिला, छात्र,व्यापारी और कर्मचारी जान चुके हैं कि मोदी (नरेंद्र मोदी) हैं तो नौकरी मिलना मुश्किल है। बेरोजगारी हटना, महंगाई कम होना, मुद्दों पर बात होना, स्कूल-अस्पताल पर चर्चा एवं किसानों की आय दोगुनी होना मुश्किल है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री कल दो जगह बिहार में थे। एक बार भी उन्होंने अपने दस वर्षों की किसी एक भी उपलब्धि का जिक्र नहीं किया। कोई उपलब्धि होगी तो ना जिक्र करेंगे ? यह भी नहीं बताया कि उनके 40 में 39 सांसदों ने क्या किया? तेजस्वी ने आरोप लगाया कि नरेंद्र मोदी के पास अब बोलने के लिए कुछ भी नहीं बचा। अब वो मुद्दों से भाग रहे हैं।
भाजपा को बाबा साहब के संविधान से नफरत क्यों : लालू
वहीं, राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद ने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर पूछा कि भाजपा को बाबा साहब के संविधान से नफरत क्यों है? उन्होंने सवाल किया कि मोदी सरकार दलितों, पिछड़ों, वंचितों और गरीबों का आरक्षण, नौकरी, लोकतंत्र और संविधान क्यों समाप्त करना चाहती है? जवाब दें?