Saturday 13-Jun-2026

40 साल की महिला के स्तन में था 5 किलो का ट्यूमर, ऑपरेशन कर निकाला

40 साल की महिला के स्तन में था 5 किलो का ट्यूमर, ऑपरेशन कर निकाला

पटना, इंपैक्ट लाइव टीम।

पटना सिटी की रहने वाली 40 वर्षीया महिला के स्तन से पौने पांच किलो का ट्यूमर निकला है। महावीर मन्दिर न्यास द्वारा संचालित महावीर आरोग्य संस्थान में ऑपरेशन कर महिला के बाएं स्तन के बड़े ट्यूमर को निकाला गया। महावीर आरोग्य संस्थान के सर्जन डॉ राजीव रंजन ने बताया कि महिला का बायां स्तन आकार में लगभग पांच गुना बड़ा हो गया था। महिला के परिजनों ने उसका इलाज कई जगह कराया। निजी अस्पतालों में इसकी सर्जरी के लिए एक लाख से अधिक शुल्क बताया जा रहा था। महिला को महावीर आरोग्य संस्थान में भर्ती कराया गया। ऑपरेशन के बाद महिला अब स्वस्थ है।

ऑपरेशन करने वाली टीम में सर्जन डॉ राजीव रंजन के साथ महावीर आरोग्य संस्थान के एनेथेटिस्ट डॉ अरविंद आदित्य भी शामिल थे। मरीज को शुक्रवार तक अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी। ऑपरेशन के पूर्व महिला के रिक्शा चालक पति ने महावीर आरोग्य संस्थान प्रबंधन से अपनी गरीबी का हवाला देते हुए रियायत की गुहार लगायी थी। महावीर आरोग्य संस्थान के प्रभारी निदेशक डॉ राजीव रंजन प्रसाद ने बताया कि उक्त महिला का ऑपरेशन मात्र 15 हजार शुल्क पर किया गया। उसे बेड चार्ज, जांच आदि के शुल्क में भी विशेष रियायत दी गयी है।

impact add6

प्रभारी निदेशक ने बताया कि गरीब मरीजों को इलाज में विशेष छूट के लिए महावीर मन्दिर न्यास के सचिव आचार्य किशोर कुणाल की ओर से स्पष्ट दिशा-निर्देश है। महावीर आरोग्य संस्थान में बहुत कम दर पर लगभग सभी तरह के इलाज की सुविधा उपलब्ध है। अत्याधुनिक उपकरणों से युक्त पैथोलॉजी और रेडियोलॉजी विभाग भी कार्यरत हैं। निजी अस्पतालों से आधे से भी कम दरों पर यहां इलाज एवं जांच की सुविधा उपलब्ध है। गरीब मरीजों को उनके आर्थिक हालात को ध्यान में रखते हुए विशेष रियायत की संस्थागत व्यवस्था महावीर मन्दिर न्यास की ओर से है।