Wednesday 24-Jun-2026

रोहिणी आचार्य का नामांकन स्वीकृत होना जल्दीबाजी में लिया गया फैसला : भाजपा

रोहिणी आचार्य का नामांकन स्वीकृत होना जल्दीबाजी में लिया गया फैसला : भाजपा

बिहार भाजपा के नेताओं ने कहा है कि सारण की राजद प्रत्याशी रोहिणी आचार्य का नामांकन स्वीकृत करना रिटर्निंग ऑफिसर की ओर से जल्दबाजी में लिया गया फैसला है। शुक्रवार को भाजपा मीडिया सेंटर में आयोजित प्रेस वार्ता में पार्टी के न्यायिक मामले एवं चुनाव आयोग प्रदेश संपर्क प्रमुख एसडी संजय ने कहा कि इस मामले में पटना हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई है। न्यायालय से इस मामले की सुनवाई अविलंब करने का अनुरोध किया गया है।

भाजपा नेता ने कहा कि लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत रिटर्निंग अधिकारी को जांच करना चाहिए था। यह सबको मालूम है रोहिणी आचार्य दूसरे देश में सात वर्षों से रह रही हैं। इस स्थिति में उनका पासपोर्ट स्टेटस क्या है? उनके आवास के बारे में भी कोई जानकारी नहीं है। यह भी अस्पष्ट है कि वे भारत की नागरिक हैं या नहीं। ऐसी स्थिति में अपने देश के प्रति निष्ठा रख रही हैं या नहीं, यह भी जांच नहीं हुई। इसी जांच के लिए पटना उच्च न्यायालय में रिट याचिका दायर की गई है और आग्रह किया गया है कि जल्द सुनवाई की जाए।