Saturday 19-Sep-2026

भागलपुर में हादसा, दीवार से टकराई बाइक; दो लोगों की मौत

भागलपुर में हादसा, दीवार से टकराई बाइक; दो लोगों की मौत

भागलपुर जिले के अकबरपुर थाना क्षेत्र के अकबरनगर-शाहकुण्ड मुख्य मार्ग के श्रीरामपुर बायपास के पास सोमवार की देर रात एक बोरिंग की दीवार से टकराने के कारण एक बाइक पर सवार तीन लोगों में से दो की मौत हो गयी। बचे एक जख्मी आर्मी जवान को मायागंज अस्पताल से रेफर कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि इलाज के लिए उसे पटना भेजा गया है। दुर्घटना के शिकार तीनों लोग एक ही गांव के रहने वाले हैं। घटना के बाद मृतक आर्मी के जवान की पत्नी ने बरारी थाना में फर्द बयान दर्ज करायी है।

जानकारी के अनुसार, अकबरनगर थाना क्षेत्र के हरियो हरिनगर निवासी आर्मी जवान मनोज कुमार उर्फ मोनू (31), छात्र पल्लव कुमार (29) व आर्मी जवान दीपक कुमार (27) एक बाइक से नयागांव के कुमैठा से देर रात अपने गांव आ रहे थे। रास्ते में घर से कुछ ही दूरी पर श्रीरामपुर गांव के समीप बायपास से सटे स्टेट बोरिंग में बाइक जा टकरायी। जोरदार टक्कर के कारण बाइक पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गयी। आनन-फानन में जख्मी तीनों को इलाज के लिए मायागंज अस्पताल भागलपुर ले जाया गया, जहां बाइक चला रहे आर्मी जवान मनोज व पल्लव कुमार की इलाज के क्रम में मौत हो गयी, जबकि आर्मी जवान दीपक कुमार की स्थिति गंभीर देखते हुए उसे रेफर कर दिया गया है।